संभल: बहन से प्रेम प्रसंग के चलते भाई ने दोस्तों के साथ मिलकर की थी युवक की हत्या
मामले को लूट का रूप देने के लिए युवक का ट्रैक्टर टिपलर भी कर दिया था गायब, असमोली क्षेत्र के गांव में 21 जनवरी को जंगल में मिला युवक का शव, पुलिस ने हत्या आरोपी युवक व उसके दोस्त को किया गिरफ्तार, ट्रैक्टर व हत्या में इस्तेमाल तमंचा भी किया बरामद
संभल, अमृत विचार। असमोली थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पहले युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। छोटी बहन के साथ प्रेम संबंध के चलते भाई ने दोस्तों के साथ मिलकर प्रेमी युवक की गोली मारकर हत्या की थी। मामला लूट का लगे इसके लिए मौके से उसका ट्रैक्टर व टिपलर भी गायब कर दिया था। पुलिस ने युवती के भाई व उसके दोस्त को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल तमंचा व गायब किया गया ट्रैक्टर बरामद कर लिया है।
असमोली थाना क्षेत्र के बिलालपत निवासी मेंहदी हसन का शव 21 जनवरी की शाम को खानपुर बंद गांव के जंगल में चंद्र किरन के खेत में पड़ा मिला था। मेंहदी हसन की हत्या गोली मारकर की गई थी। पिता शमीम का कहना था कि मेंहदी हसन उसी दिन तड़के गन्ना लदा ट्रैक्टर टिपलर लेकर असमोली शुगर मिल गया था। मेहंदी हसन का ट्रैक्टर व ट्रिपलर भी गायब था ऐसे में लूट के विरोध पर हत्या की आशंका भी जाहिर की जा रही थी। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि हत्या के खुलासे में लगी असमोली पुलिस व सर्विलांस टीम ने जांच आगे बढ़ाई तो हत्या का सच सामने आया।
इसके बाद ही पुलिस ने खानपुर बंद के अतुल व मुरादाबाद के लाकड़ी निवासी अंकित को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अतुल ने बताया कि उसने अपने भाई कपिल के अलावा अंकित व एक अन्य दोस्त के साथ मिलकर मेहंदी हसन की हत्या की थी। अतुल ने बताया कि मेंहदी हसन उसकी बहन से बात करता था जो उसे पसंद नहीं था। पुलिस ने अतुल व अंकित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा व गायब किया गया मेंहदी हसन का ट्रैक्टर भी बरामद कर लिया है।
बहन को मेंहदी के साथ देख खोल गया था खून, सोच लिया था इसे मारूंगा
मेहंदी हसन की हत्या के आरोप में गिरफ्तार अतुल का कहना है कि उसे दूसरे समुदाय के युवक के साथ बहन के संबंध की बात किसी भी हालत में मंजूर नहीं थी। बहन को मेंहदी हसन से बात करते देखा तभी इरादा कर लिया था कि इसे मारूंगा। अतुल का कहना है कि उसने गांव में बहन को मेंहदी हसन से बात करते देखा तो टोका था कि वह आइंदा उसकी बहन से मिलेगा तो अच्छा नहीं होगा। मेंहदी हसन ने आग से बहन से न मिलने का भरोसा देने के बजाय उससे बहस शुरु कर दी और लड़ाई झगड़े पर उतरने लगा।
इसके बाद ही इरादा कर लिया कि मेंहदी हसन इस तरह नहीं मानेगा इसका कुछ करना ही पड़ेगा। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि अतुल ने अपने भाई कपिल व मुरादाबाद के दो दोस्तों को सारी बात बताकर मेहंदी हसन की हत्या में साथ देने के लिए तैयार किया। 21 जनवरी की सुबह जब मेहंदी हसन ट्रैक्टर टिपलर लेकर रामनगर चौराहे से आगे बढ़ा तो अतुल,कपिल,अंकित व एक अन्य युवक ने तमंचे दिखाकर मेंहदी हसन से ट्रैक्टर रुकवा लिया। तीन लोगों ने चंद्र किरन के खेत पर ले जाकर मेहंदी हसन की गोली मारकर हत्या कर दी। इससे पहले एक युवक वहां से ट्रैक्टर व टिपलर लेकर चला गया।
ये भी पढ़ें:- संभल : युवती से अभद्रता के विरोध पर मारपीट व फायरिंग, चार घायल
