बहराइच : ग्रामीण का शव लेकर थाने जाने लगे ग्रामीण तो पुलिस ने रोका, जानिए क्या है पूरा मामला
चाकू से हमले में घायल ग्रामीण की सोमवार को हुई मौत, हमलावरों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे परिजन
विशेश्वरगंज/ बहराइच, अमृत विचार। जिले के ग्राम पंचायत बरानिजाम गांव में चार दिन पूर्व एक ग्रामीण पर अज्ञात लोगों ने चाकू से हमला कर दिया था। हमले में घायल ग्रामीण की सोमवार को लखनऊ में मौत हो गई। शव गांव पहुंचने पर परिवार के लोग नाराज हो गए। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव लेकर थाने जाने की जिद कर रहे हैं।
विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरानिजाम के मजरा मनिहारनपुरवा निवासी मोहम्मद रईस (40) पुत्र हसमत को अज्ञात लोगों ने चार दिन पूर्व चाकू मार कर घायल कर दिया था। परिजन घायल को जिला अस्पताल ले गए थे। यहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने लखनऊ मेडिकल कालेज इलाज के लिए रेफर कर दिया था। ग्रामीण की लखनऊ में इलाज के दौरान सोमवार दोपहर को मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। देर रात को ग्रामीण का शव पहुंचा तो सभी नाराज हो गए। मंगलवार सुबह आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नाराज हो गए। परिवार के लोग शव लेकर थाने ले जाने लगे।
बवाल की जानकारी होने पर पयागपुर थाने की पुलिस भी बुला ली गई। पयागपुर और विशेश्वरगंज थाने की पुलिस ने ग्रामीणों को रोक दिया। थाने की पुलिस ने परिवार शव ले जाने से रोक लिया। परिवार के लोग नाराज हैं। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस क्षेत्राधिकारी आनंद कुमार ने बताया कि सभी मान गए हैं। दोपहर तक शव का अंतिम संस्कार करवा दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें -मुख्यमंत्री हेमंत सोरन के घर ईडी की रेड, बड़ी मात्रा में कैश बरामद
