Unnao News: कुशालखेड़ा गांव के जंगलों में वन विभाग के अधिकारियों की खोजबीन, चरवाहों ने बड़े जानवर की देखी थी चहलकदमी
उन्नाव में कुशालखेड़ा गांव के जंगलों में वन विभाग के अधिकारियों खोजबीन की।
उन्नाव में कुशालखेड़ा गांव के जंगलों में वन विभाग के अधिकारियों खोजबीन की। क्षेत्र में चरवाहों ने बड़े जानवर की चहलकदमी देखी थी। वन अधिकारियों ने गांव व आस पास के जंगलों में कांबिंग की।
उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव अंतर्गत गंगाघाट कोतवाली के कटहा दलनारायणपुर ग्राम सभा के कुशाल खेड़ा गांव में रविवार दोपहर गांव की रहने वाली एक किशोरी ने मवेशी चराने के दौरान जंगलों में एक बड़े जानवर की चहलकदमी देखी थी। खबर को अमृत विचार ने प्रमुखता से दिखाया।
जिसके बाद खबर को उन्नाव डीएफओ ने संज्ञान में लिया और मंगलवार को वन अधिकारी मौके पर पहुंचे। जहां आस पास खेतों और जंगलों में जाकर जानवरों के पैरों के निशान ढूंढे। इसके साथ ही कांबिंग भी की।
कुशाल खेड़ा गांव निवासी शिवांगी रविवार दोपहर गांव के बाहर यूकेलिप्टिस के पेड़ों के पास मवेशी चरा रही थी। इसी बीच उसने झाड़ियों में खड़े एक बड़े जानवर को देखा तो वह डर गयी। फिर भी उसने हिम्मत कर दूर से वीडियो बनाया और उसे सोशल साइट पर वायरल कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गयी, वहीं देर रात भी जानवर ने एक व्यक्ति को दौड़ा लिया था।
जिस पर दो दर्जन से अधिक लोग रात के समय लाठी डंडा लेकर जंगलों की ओर पहुंचे थे। सूचना पर डीएफओ ईशा तिवारी के निर्देश पर क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रेम शंकर तिवारी, उप क्षेत्रीय वन अधिकारी सुरेन्द्र सिंह, बीट प्रभारी अनुज कुमार कुशाल खेड़ा जंगल पहुंचे। जहां काफी दूर तक छानबीन करते हुये कांबिंग की लेकिन कहीं जानवर का पता नहीं चल सका।
फत्तेखेड़ा गांव में रहने वाले रमेश ने बताया कि खेतों में बड़े जानवर के पैरों के निशान देखने के साथ ही उन्होंने खुद अपनी आंखों से जानवर को देखा है। जिस पर अधिकारी मौके पर पहुंचे।
जहां उन्होंने जांच पड़ताल की। इस दौरान उन्होंने बताया कि तेंदुआ नहीं है, हां यह जरूर है कि लकड़बग्घा या फिर लोमड़ी हो सकती है। लकड़बग्घा के होने से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। वन अधिकारियों ने बताया कि रात के समय भी गांव और आस पास के जंगलों में कांबिंग करेंगे।
ये भी पढ़ें- Unnao के कुशाल खेड़ा के जंगलों में दिखा बड़ा जानवर... दहशत, ग्रामीणों में तेंदुआ होने की चर्चा, देखें- VIDEO
