मनरेगा: गारंटी से रोजगार...भुगतान के लिए इंतजार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अनुपम सिंह, बरेली, अमृत विचार। जिले में मनरेगा का हाल बेहाल है। ग्रामीणों को गांवों में ही आजीविका के लिए साै दिन रोजगार की गारंटी देने वाली योजना की कड़वी हकीकत यह है कि समय से भुगतान की कोई गारंटी नहीं है। स्थिति यह है कि जिले में 13 नवंबर से मनरेगा श्रमिकों का भुगतान नहीं किया गया है। बजट के अभाव में 23 हजार से अधिक मानव दिवसों का करीब 49 लाख रुपये भुगतान लटका हुआ है।

वित्तीय वर्ष 2023-24 में 29 लाख मानव दिवस का लक्ष्य जिले को मिला था। अफसरों ने तेजी से काम कराकर नवंबर 2023 में ही लक्ष्य की पूर्ति कर ली लेकिन श्रमिकों को भुगतान अभी तक नहीं किया जा सका है। उपायुक्त श्रम रोजगार के कार्यालय के अनुसार, मनरेगा श्रमिकों को अंतिम भुगतान 13 नवंबर 2023 को किया गया था। इस समय करीब 23 हजार मानव दिवसों का 49 लाख के करीब भुगतान लटका हुआ है। श्रमिकों के परिवारों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। वे प्रधानों से लेकर अधिकारियों से भुगतान की गुहार लगा रहे हैं। सभी का एक ही जवाब है कि बजट आते ही भुगतान हो जाएगा।

भुगतान की चिंता नहीं, बढ़ा रहे लक्ष्य
महीनों से लटके लाखों रुपये के भुगतान की अभी कोई उम्मीद नहीं है वहीं विभागों को लक्ष्य देकर काम कराने पर जोर दिया जा रहा है। नवंबर में चालू वित्तीय वर्ष का लक्ष्य पूरा होने के बाद शासन की ओर से 29 लाख से बढ़ाकर मानव दिवसों की संख्या 36 लाख 23 हजार कर दी गई है। उसके सापेक्ष 36 लाख 22 हजार मानव दिवस पूरे कर लिए गए हैं। महज एक हजार ही मानव दिवस बाकी हैं। यह भी जल्द ही पूरे होने की उम्मीद है।

एक साल होने को है। 27 दिनों की मजदूरी नहीं मिल पाई है। कुछ माह पहले छह दिन का पैसा आ गया था। बाकी दिनों का भुगतान लटका हुआ है। मनरेगा में इसी उम्मीद से काम करते हैं कि घर चला सकेंगे। समय से पैसा न मिलने से परेशानी होती है।-सुरेंद्र, श्रमिक

छह माह होने को हैं। भुगतान के लिए कई बार गुहार लगाई लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। समय से पैसा नहीं मिलता है तो परिवार आर्थिक रूप से परेशानी में आ जाता है। सरकार को हमारी परेशानी समझकर समय से भुगतान कर देना चाहिए।-उमाकांत, श्रमिक

बकाया मजदूरी मिल जाए तो काफी राहत मिल जाएगी। उम्मीद है कि जल्द ही खाते में पैसा आ जाएगा। उम्मीद काफी दिनों से लगाए हैं। अधिकारियों से कहा तो संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है। इतना बताते हैं कि आ जाएगा।-दीनदयाल, श्रमिक

13 नवंबर 2023 को मनरेगा श्रमिकों के खातों में पैसा भेजा गया था। लक्ष्य के सापेक्ष रोजगार देने का कार्य नवंबर में ही हो गया था। दोबारा मिला लक्ष्य भी पूरा होने वाला है। उम्मीद है जल्द पैसा जारी हो जाएगा।-मो. हसीब अंसारी, डीसी मनरेगा

02.74 लाख के करीब सक्रिय श्रमिक हैं मनरेगा में
03.78 लाख मनरेगा श्रमिक हैं जिले में
230 रुपये मजदूरी मिलती है प्रतिदिन के हिसाब से

ये भी पढे़ं- नमो एप: घर-घर मोदी से आगे बढ़ी मुहिम हर दिमाग में घर बनाने तक पहुंची

 

 

 

संबंधित समाचार