बरेली: आदेश बेअसर, बिजली अफसर और कर्मचारियों के घरों पर नहीं लगाए मीटर
बरेली, अमृत विचार। मुख्यालय के आदेश के बाद भी जिले में बिजली विभाग के अधिकतर अफसर और कर्मचारियों के आवासों पर मीटर नहीं लग पाया है। इस वजह से धड़ल्ले से बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा है। सर्दी में एसी और हीटर भी खूब चल रहा है, मगर उनके वेतन से निर्धारित राशि कट रही है।
वर्ष 2021 में मुख्यालय ने विभाग को सभी अफसर और कर्मचारियों के आवासों पर मीटर लगाने के आदेश दिए थे, ताकि मीटर के अनुसार बिजली बिल जमा हो सके, मगर इस आदेश पर ध्यान नहीं दिया गया। मीटर लगाने की कोशिशें कागजों तक ही सिमट कर रह गईं। तमाम अधिकारी और कर्मचारियों के आवास मीटर के दायरे में नहीं आ सके। बताते हैं कि हाइडिल कॉलोनी में भी किसी भी आवास पर मीटर नहीं लगा है।
बिल की निर्धारित राशि
बिल के रूप में मुख्य अभियंता के वेतन से 1836, अधीक्षण अभियंता के वेतन से 1626, अधिशासी अभियंता के वेतन से 1164, एसडीओ के वेतन से 1092, जेई के वेतन से 888, तृतीय श्रेणी कर्मी के वेतन से 540, ऑपरेटिंग स्टाफ और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के वेतन से 444 रुपये की कटौती हर माह की जाती है। एसी का चार्ज 650 रुपये निर्धारित है।
हमारे आवास पर मीटर लगा हुआ है। उसी के आधार पर बिजली बिल का भुगतान किया जाता है। अन्य कर्मचारियों के आवास पर मीटर लगे हैं या नहीं, इसकी जानकारी नहीं है।-अशोक कुमार चौरसिया, अधीक्षण अभियंता
ये भी पढे़ं- बरेली: भाजपा के गांव चलो अभियान के लिए गतिविधियां तेज
