बरेली: विवेचना पूरी होने से पहले ही हत्यारोपी फरीदपुर चेयरमैन को दे दी क्लीनचिट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली/फरीदपुर, अमृत विचार। घर में काम कर रहे मजदूर की हत्या के आरोपी फरीदपुर नगर पालिका के चेयरमैन शराफत जरीवाला को पुलिस ने विवेचना पूरी होने से पहले ही क्लीन चिट दे दी है। महीने भर बाद भी न उन्हें गिरफ्तार किया गया है, न ही गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। 

पुलिस अफसरों का दावा है कि दोनों पक्षों में समझौता हो चुका है लेकिन चेयरमैन के खिलाफ एफआईआर लिखाने वाली मजदूर की पत्नी का आरोप है कि उनके बेटों को तीन लाख रुपये देकर उनसे धोखे से समझौतेनामे पर दस्तखत कराए गए हैं।

चेयरमैन शराफत जरीवाला पिछले महीने अपने घर पर कुछ निर्माण करा रहे थे। गांव रमपुरा रतन में रहने वाले नरेंद्र भी उनके घर पर मजदूरी कर रहे थे। 25 दिसंबर को उनकी छत से गिरकर मौत हो गई थी। उनकी पत्नी रीना ने इसके बाद चेयरमैन पर आरोप लगाया था कि नरेंद्र से किसी बात पर नोकझोंक होने पर उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए धक्का दे दिया, इससे नीचे गिरकर उनकी मौत हो गई। पुलिस ने रीना की ओर से शराफत जरीवाला के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट तो दर्ज कर ली लेकिन उन्हें गिरफ्तार करने की कोई कोशिश नहीं की।

अब पुलिस एक तरफ दोनों पक्षों के बीच समझौता होने की बात कह रही है तो दूसरी तरफ विवेचना जारी होने का भी दावा कर रही है। एसपी देहात मुकेश चंद मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता हो चुका है। इसी आधार पर अब विवेचना की जा रही है। इसमें जो साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। 

उधर, रीना की आरोप है कि उनके आरोपी चेयरमैन ने अपने करीबियों को भेजकर दो बेटों को तीन लाख रुपये दिलवाए थे। इसके बाद उनके पढ़ीलिखी न होने का फायदा उठाकर उनसे धोखे से समझौतेनामे पर अंगूठा लगवा लिया गया। उस समय घर पर भी कोई नहीं था। उन्होंने कहा कि उन्होंने कोई समझौता नहीं किया है। वह चाहती हैं कि उनके पति की हत्या करने वाले को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए।

हत्या का आरोप धुला नहीं, गणतंत्र दिवस पर झंडा फहराकर चले गए
चेयरमैन के खिलाफ हत्या का केस दर्ज होने के बाद पुलिस कई दिन तक उन्हें फरार बताती रही। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता होने को गिरफ्तारी न करने का कारण बताना शुरू किया लेकिन इसी बीच 26 जनवरी को थाने से सिर्फ सौ मीटर दूर नगर पालिका कार्यालय में हत्यारोपी होने के बावजूद शराफत जरीवाला ने झंडा फहराया और घंटों वहां मौजूद भी रहे लेकिन पुलिस बेखबर बनी रही। 

इस कार्यक्रम में एमएलसी कुवंर महाराज सिंह भी मौजूद थे, लिहाजा यह भी आरोप लगा कि भाजपा नेताओं के इशारे पर ही सपा के चेयरमैन को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर रही है। उधर, महीने भर से नगर पालिका का कामकाज भी लगभग ठप पड़ा है।

गणतंत्र दिवस पर निमंत्रण आया था। राजनीतिक व्यक्ति हूं, पूछकर नहीं जाता कि किसने बुलाया है। नगर पालिका में चेयरमैन साहब आए थे और झंडारोहण करके चले गए। इसके बाद वह न मेरे पास आए, न मेरी उनसे मुलाकात हुई है। कल पुलिस से पूछूंगा कि चेयरमैन को अगर वह फरार मान रही है तो उसने क्या कार्रवाई की है। - महाराज सिंह, एमएलसी

ये भी पढे़ं- बरेली: नगर निगम में कदम-कदम पर गोलमाल, बोर्ड बैठक में मुद्दे उठते रहे और पोल खुलती रही

 

 

संबंधित समाचार