रायबरेली : 65 साल पुराना है इतिहास, यहां के मैदान में इंटरनेशनल खिलाड़ी दिखा चुके दम
युद्ध हो या फिर कोरोना का दौर, आपात स्थिति में मदद को तैयार रहती आयोजन कमेटी
अंगद राही, शिवगढ़, रायबरेली। श्री बरखण्डी विद्यापीठ इण्टर कॉलेज का मैदान। वैसे तो यहां पर क्रिकेट, कबड्डी खो-खो से लेकर तमाम खेल होते रहते हैं, लेकिन इस मैदान से किसी का गहरा नाता है तो वह राष्ट्रीय खेल हॉकी का। 65 साल पहले शुरू हुआ हाकी खेल यहां के युवाओं के रग रग में है। इस मैदान पर राष्ट्रीय ही नहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी अपना दमखम दिखा चुके हैं। आज भी यहां पर हॉकी की फुलवारी को सहेजने का कार्य बखूबी से किया जा रहा है। हर साल होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के कोने-कोने से टीम में आकर शामिल होती हैं।
1958 से आयोजित होती रही हैं श्री बरखण्डी स्मारक राज्य हॉकी प्रतियोगिता
राष्ट्रीय खेल को संरक्षण और ग्रामीण अंचल में छुपी हुई प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से सन 1958 में श्री बरखण्ड़ी विद्यापीठ इण्टर कॉलेज के संस्थापक की स्मृति में विद्यालय के प्रधानाचार्य इन्द्र बहादुर सिंह, हॉकी खिलाड़ी विष्णु दत्त पाठक, खेल शिक्षक वीरेंद्र त्रिपाठी के अथक प्रयासों से श्री बरखण्डी स्मारक राज्य हॉकी प्रतियोगिता का शुभारम्भ हुआ था। प्रतियोगिता के संचालन में विद्यापीठ के प्रबन्धक एवं संरक्षक का हमेशा बड़ा योगदान रहा है। आज यह आयोजन पूरे जनपद का गौरव है। प्रदेश के हॉकी खिलाड़ियों को यह प्रतियोगिता एक मुकाम देती हैं। साथ ही क्षेत्रीय खिलाड़ियों को इससे बहुत कुछ सीखने को मिलता हैं। इस मैदान से खेल कर कई खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक नाम रोशन कर रहें हैं।
देश में संकट के समय आयोजन कमेटी करती रही मदद
हॉकी प्रतियोगिता आयोजित करने वाली कमेटी हमेशा देश के साथ खड़ी रही हैं। जब भी देश को जरूरत पड़ी तब यह कमेटी पीछे नही हटी। साल 1962, 1965, 1971 में युद्ध व कोविड के समय संकटकाल में प्रतियोगिता की समस्त धनराशि भारतीय कोष में जमा कर दी गई थी। 1965 का भारत-पाक युद्ध उन मुठभेड़ों का नाम है जो दोनों देशों के बीच अप्रैल 1965 से सितम्बर 1965 के बीच हुई थी। इसे कश्मीर के दूसरे युद्ध के नाम से भी जाना जाता है। पूर्वी पाकिस्तान आजाद हो गया और बांग्लादेश के रूप में एक नया देश बना। पाकिस्तानी सेना ने सरेंडर कर दिया। उक्त तीनों युद्धों के दौरान प्रतियोगिता को स्थगित कर समस्त धनराशि भारत सरकार के सेना कोष में जमा कर दी गई। वहीं कोविड के समय भी प्रतियोगिता को स्थगित कर पूरी धनराशि भारत सरकार के कोविड केयर फंड में जमा कर दी गई थी।
आज से शुरू होगी प्रतियोगिता
क्षेत्र के श्री बरखण्डी विद्यापीठ इण्टर कॉलेज के मैदान में आज से श्री बरखण्डी स्मारक राज्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा हैं। प्रदेश स्तरीय इस हॉकी प्रतियोगिता में रामपुर, बाबू सोसाइटी लखनऊ, स्पोर्टस कालेज लखनऊ, बाबू केडी सिंह स्टेडियम, इलाहाबाद, बलरामपुर, गोला गोकर्णनाथ, बाराबंकी, रायबरेली स्टेडियम, सुल्तानपुर आदि टीमें अपने खेल का प्रदर्शन करेंगी।
यह भी पढ़ें : बहराइच : सड़क हादसों में युवक समेत दो की मौत, हुजूरपुर और मटेरा थाना क्षेत्र में हुए हादसे
