रामपुर : खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी बाइक, किशोर की मौत...फोटोग्राफी करने के लिए जा रहा था शिवम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शिवम का फाइल फोटो

शाहबाद, अमृत विचार। सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में बाइक घुस गई, सड़क हादसे में बाइक सवार किशोर की मौके पर मौत हो गई। लेकिन माहौल की नजाकत को भांपते हुए पुलिस ने परिजनों के पहुंचने से पहले ही शव को रामपुर के लिए रवाना कर दिया। पुलिस मौत की बात को परिजनों से छिपाती रही। परिजन भी पुलिस पर आरोप लगाते रहे।

नगर के मोहल्ला मंगोली निवासी सोलह वर्षीय शिवम पुत्र प्रेमपाल फोटोग्राफी करता था। शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे शिवम बाइक से किसी कार्यक्रम में फोटोग्राफी के लिए जा रहा था। शाहबाद-ढकिया मार्ग पर तुरखेड़ा गांव के पास गुरुवार रात एक ट्रक से बजरफुट पर गिर गया था। कुछ लोग ट्रैक्टर-ट्राली खड़ी करके बजरफुट भर रहे थे। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्राली में रिफ्लेक्टर नहीं लगे थे इस कारण शिवम की बाइक ट्राली में घुस गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सीधे जिला अस्पताल लेकर रवाना हो गई। परिजनों के पहुंचने से पहले ही पुलिस निकल चुकी थी। इसके बाद परिजन शिवम की हालत जानने के लिए कभी कोतवाली तो कभी सीएचसी में भटकते रहे। पुलिस काफी देर तक मौत की बात छुपाए रही।

पुलिस ने रात को मोर्चरी में शव रखवा दिया। लेकिन कोतवाल मानचंद ने तब भी मौत की सूचना से इंकार किया। उनका कहना था कि जब तक डॉक्टर का मेमो उनके पास नहीं आएगा। तब तक वह पुष्टि नहीं कर सकते। उनका सिपाही शुरू से आखिर तक शिवम के साथ था। इसके बाद अस्पताल से जानकारी ली गई तब परिजनों को शिवम की मौत की जानकारी हुई और परिवार में कोहराम मच गया।

ये भी पढ़ें : रामपुर: मामूली बात को लेकर भिड़े दो पक्ष, फायरिंग से गूंजा पटवाई क्षेत्र

 

संबंधित समाचार