‘रूम में टोपी, रोड पर तिलक’ की सेक्युलर सियासी सूत्रधार है कांग्रेस, नकवी ने राहुल गांधी पर कसा तंज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज। पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने रविवार को यहां कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ‘‘रूम में टोपी, रोड पर तिलक’’ की सेक्युलर सियासी सूत्रधार कांग्रेस अब ना घर की रही और ना घाट की। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस का जनता ही नहीं बल्कि उसके साथी भी साथ छोड़कर रफूचक्कर हो रहे हैं। 

नकवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 10 वर्षों में तुष्टीकरण के छल को समावेशी सशक्तिकरण के बल से छूमंतर कर राजनीतिक संकल्प, सोच और संस्कृति में सकारात्मक परिवर्तन किया है। नकवी ने कहा कि आज मोदी के परिश्रम और तपस्या की ताकत ने उन्हें ‘‘ग्राउंड जीरो का ग्लोबल हीरो’’ बनाया है। 

हालांकि, कुछ सामंती सूरमा भारत की बढ़ती धाक-धमक को धूमिल करने की धूर्ततापूर्ण कोशिश में लगे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दंगों, दबंगों, बलवों, बाहुबलियों, आतंक की आफत से देश, मानवता और मुसलमानों की सुरक्षा की गारंटी हैं। 

यह भी पढ़ें:-हरदोई: 'सफर आखिरी है...' हादसे का शिकार होने से कुछ ही देर पहले ही युवक ने बनाई थी Reel

संबंधित समाचार