बाराबंकी : विवाह समारोह में जमकर हर्ष फायरिंग, वायरल हुआ वीडियो-पुलिस कर रही इंकार
बाराबंकी, अमृत विचार। कोतवाली टिकैतनगर अंतर्गत एक विवाह समारोह में पहुँचे बारातियों ने विवाह कार्यक्रम के दौरान जमकर हर्ष फायरिंग की। जिसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। (अमृत विचार इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है) वायरल वीडियो में कई युवक असलहों से कई राउंड हवाई फायरिंग करते हुए नजर आ रहे हैं।
शनिवार को कोतवाली टिकैतनगर अंतर्गत ग्राम टिकवामऊ निवासी वलीम की पुत्री का विवाह था। बारात जनपद अयोध्या के मवई थाना अंतर्गत ग्राम मोहम्मदपुर से आई थी। विवाह कार्यक्रम का आयोजन कोतवाली टिकैतनगर के ही करमनगर चौराहे पर टिकैतनगर भेलसर मुख्य राज्यमार्ग के किनारे ही किया गया था। उक्त विवाह कार्यक्रम के दौरान बारातियों के द्वारा जनवासे के कार्यक्रम में जमकर हवाई फायरिंग की गई। जिसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है।
वायरल हो रही वीडियो का अमृत विचार समाचार पत्र पुष्टि नहीं करता है वहीं वीडियो में मुख्य सड़क किनारे ही कई युवक कई असलहों से कई राउंड की आसमानी फायरिंग करते हुए दिख रहे हैं। वहीं इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक संजीत कुमार सोनकर ने मामले की जानकारी होने से ही इंकार कर दिया।
ये भी पढ़ें -विदेशों में भी नाम रोशन कर रहे रायबरेली एफडीडीआई के छात्र
