हल्द्वानी: एसटीएच में फिर शुरू होगी काला मोतियाबिंद की जांच
हल्द्वानी, अमृत विचार। काला मोतियाबिंद से परेशान मरीजों के लिए राहत की खबर है। जल्द ही डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) के नेत्र रोग विभाग में नई पेरीमेट्री मशीन लगने जा रही है। इस मशीन से मरीजों की काला मोतियाबिंद की जांच आसानी से हो पाएगी।
एसटीएच के नेत्र रोग विभाग में कई वर्ष पहले पेरीमेट्री मशीन लगी थी, जो करीब छह माह पूर्व खराब हो गई। जिससे चिकित्सकों को काला मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों की जांच करने में दिक्कत आ रही थी। विभागाध्यक्ष डॉ. जीएस तितियाल ने नई मशीन के लिए मेडिकल कॉलेज को प्रस्ताव भेजा था। प्रस्ताव के आधार पर नई मशीन खरीदने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उम्मीद है कि मार्च माह से पहले-पहले विभाग में पेरीमेट्री मशीन लग जाएगी।
कार्निया की बीमारी का भी होगा इलाज
एसटीएच में अब कार्निया की गंभीर बीमारी का भी इलाज हो पाएगा। इसके अस्पताल के नेत्र रोग विभाग में पहली बार कॉर्नियल टोपोग्राफी मशीन लगाने की तैयारी चल रही है। इसके अलावा क्रास लिकिंग मशीन भी लगाने की योजना है। दोनों मशीन खरीदने के लिए टेंडर निकाल दिया गया है। बताया जाता है अत्याधुनिक टोपोग्राफी मशीन पेंटाकैम व ओर्बस्कैन संपूर्ण कार्निया की बनावट की जांच कर लेती है, जिससे केराटोकोनस के उभरने का आसानी से पता चल जाता है।
विभाग में नई पेरीमेट्री मशीन लगने जा रही है। इससे काला मोतियाबिंद की जांच आसानी से हो पाएगी। इसके अलावा दो अन्य नई मशीनें लगाई जा रही है। मार्च से पहले तीनों मशीनें स्थापित हो जाएंगी।
- डॉ. जीएस तितियाल, एमएस एसटीएच/विभागाध्यक्ष नेत्र रोग विभाग
