Kasganj News: मोहनपुरा मंडी में पल-पल लग रहा जाम, चालकों के बीच हो रही नोंकझोंक 

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

कासगंज, अमृत विचार: व्यवस्थाएं चाक चौबंद बनाने का दावा पहले से किया गया। सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। माना जा रहा था कि अब मोहनपुरा मटर मंडी में इस बार जाम नहीं लगेगा, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। जैसे ही इस मंडी में मटर की आवक बढ़ गई है तो पल पल जाम के हालात बनने लगे हैं। बुधवार को घंटों जाम रहा। लोग चार से छह घंटे तक जाम में फंसे रहे। प्रशासनिक इंतजाम न काफी दिखाई दिए। 

मोहनपुरा मटर मंडी में इन दिनों हरी मटर की आवक का दबाव है। जिसके कारण बड़ी संख्या में वाहन मटर की फली लेकर मंडी पहुंच रहे हैं। सड़क के किनारे वाहनों के खड़े रहने से जाम की स्थिति पैदा हो रही है। बुधवार को दोपहर के समय जाम के कारण एक ट्रैक्टर चालक व रोडवेज बस के ड्राइवर में नोंकझोंक हो गई। बाद में लोगों ने मामला शांत करा दिया। 

बुधवार को दोपहर से देर सायं तक बार बार जाम लगने का सिलसिला बना रहा। पुलिसकर्मी भी जाम खुलाने की मशक्कत में जुटे नजर आए। वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण यह स्थिति लगातार बनी हुई है। मोहनपुरा मटर मंडी का संचालन सड़क के किनारे खेतों में होता है।

ऐसी स्थिति में सड़क किनारे ही वाहन खड़े रहते हैं। कासगंज-मथुरा मार्ग पर मटर मंडी संचालित होने से ट्रैफिक का भी दबाव अधिक रहता है। प्रतिदिन चार से छह घंटे तक मंडी पर जाम के हालात बनते हैं। जाम की समस्या से निजात के लिए अतिरिक्त पुलिस भी लगाई गई है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।

मोहनपुरा पर जाम की समस्या पहले से काफी कम हुई है। अतिरिक्त पुलिस लगाई गई है। जब किसानों के वाहनों का दबाव ज्यादा बढ़ता है तभी यह समस्या उत्पन्न होती है। जाम न लगे इसके लिए पुलिस के प्रयास जारी हैं---सुधीर कुमार सिंह, इंस्पेक्टर।

यह भी पढ़ें- Kasganj News: 5 लाख की लूट का खुलासा, आरोपी अलीगढ़ में गिरफ्तार

संबंधित समाचार