बरेली: तारीख पर तारीख... कहीं लोकसभा चुनाव को भी पार न कर जाए कुतुबखाना पुल, अब दी ये डेट
फाइल फोटो
बरेली, अमृत विचार: अधबना कुतुबखाना पुल कभी व्यापारियों के लिए सिरदर्द बना हुआ था, अब लोकसभा चुनाव से पहले उद्घाटन की इच्छा संजोए जनप्रतिनिधियों के लिए बन गया है। कार्यदायी संस्था और सेतु निगम के अफसरों पर लगातार दबाव बनाए रखने के बावजूद पुल शुरू करने की एक और तारीख हाथ से निकली जा रही है।
अफसरों ने पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद से हर हालत में 15 फरवरी को पुल शुरू करने का वादा किया था लेकिन अब पहली मार्च की तारीख दे दी है। हालांकि जितना काम बकाया है, उसे देखते हुए पहली मार्च को भी पुल शुरू होना मुश्किल माना जा रहा है।
कुतुबखाना पुल का निर्माण पूरा करने के लिए अफसरों की ओर से इतनी तारीखें दी जा चुकी हैं कि सांसद संतोष गंगवार ने पीडब्ल्यूडी मंत्री के निरीक्षण के दौरान ही आरोप मढ़ दिया था कि कार्यदायी संस्था का ठेकेदार और स्मार्ट सिटी के अफसर लगातार झूठ बोलकर दुकानदारों के साथ छल कर रहे हैं और जनप्रतिनिधियों की भी फजीहत करा रहे हैं। अब वे भरोसा करने के लायक नहीं बचे हैं। इस पर जितिन प्रसाद ने सख्ती के साथ चेतावनी दी थी कि अगर अब घोषित समयसीमा में काम पूरा न हुआ तो ठेकेदार जुर्माना झेलेगा और अफसर कठोर कार्रवाई।
जितिन ने कहा था कि चुनाव नजदीक है, अब बहाने नहीं चलेंगे। इसके बाद अफसरों ने वादा किया था कि 30 जनवरी तक काम पूरा हो जाएगा और 15 फरवरी को पुल का उद्घाटन कराने के साथ वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी जाएगी लेकिन 15 फरवरी को भी पुल का उद्घाटन हाेने के आसार नहीं लग रहे हैं।
ठेकेदार ने अब जीएम को फंसा दिया
जितिन ने निरीक्षण के बाद सेतु निगम के जीएम केएन ओझा से पूछा- काम कब तक पूरा होगा तो उन्होंने पहले 26 जनवरी की तारीख बताई लेकिन कुछ देर बाद ठेकेदार के कहने पर 30 जनवरी को निर्माण पूरा होने का वादा करने लगे। जितिन ने फिर तल्ख तेवर दिखाए तो वादा किया कि 30 जनवरी तक पुल का निर्माण पूरा हो जाएगा और 15 फरवरी तक सड़क बनाने के साथ बाकी काम भी पूरे कर लिए जाएंगे।
दो बार में 55 लाख का लगाया जा चुका है जुर्माना
स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत 111 करोड़ रुपये की लागत से 1280 मीटर लंबे कुतुबखाना पुल का निर्माण 31 दिसंबर तक पूरा किया जाना था लेकिन ऐसा नहीं हो सका। निर्माण में देरी पर कार्यदायी संस्था पर दो बार में 55 लाख का जुर्माना लगाया जा चुका है। अब 15 फरवरी तक काम पूरा नहीं होने पर 22 लाख रुपये का जुर्माना डालने की बात कही जा रही है।
व्यू कटर समेत कई काम अधूरे
पुल पर सड़क पड़नी बाकी है और फिलहाल व्यू कटर और बिजली के पोल लगाए जाने का काम चल रहा है। इस काम को पूरा करने में कम से कम एक महीने का समय लगेगा। निर्माण कार्य में लगे मजदूरों की बात पर यकीन किया जाए तो यह काम मार्च में होली के आसपास ही पूरा हो सकेगा।
यह भी पढ़ें- बरेली: दोस्त की मफलर से गला कस कर दोस्त की हत्या करने वाला गिरफ्तार
