Budaun News: बेटा होने की दवा लेने तांत्रिक के पास पहुंची महिला, एकांत में की गंदी हरकत और फिर...
परिचित के बहकावे में आकर बिसौली क्षेत्र पहुंची थी बरेली के एक मोहल्ला निवासी महिला
बदायूं, अमृत विचार। बेटा होने की दवा देने के बहाने जिला बरेली के थाना सुभाष नगर क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला के साथ तांत्रिक और एक अन्य ने छेड़छाड़ व अश्लीलता की। शिकायत करने पर तांत्रिक ने महिला को जान से मारने की धमकी दी। महिला की तहरीर पर एक नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
जिला बरेली के थाना सुभाष नगर क्षेत्र के मोहल्ला नेकपुर निवासी एक महिला की दो बेटियां हैं। जिसकी वजह से उनका पति आए दिन घर पर कलेश करता रहता है। वह एक बेटा चाहता है। महिला के परिचित ख्याली नाम के व्यक्ति ने उसे बताया कि बदायूं के कोतवाली बिसौली क्षेत्र में उसका एक परिचित है। जो बेटा पैदा होने की दवा देता है और दुआ करता है। वह जो भी दवा देगा उसे खाने के बाद महिला को बेटा जरूर होगा। महिला ख्याली की बातों में आ गई। वह ख्याली के साथ बाइक से सात फरवरी रात लगभग नौ बजे बिसौली आई।
बिल्सी मार्ग पर एक तालाब के सामने मैदान किनारे ख्याली ने बाइक खड़ी की। महिला को आलू के खेत में बैठा दिया। कहा कि दवा देने वाला व्यक्ति वहीं आने वाला है। कुछ देर के बाद एक तांत्रिक बाइक से आया। वह महिला की झाड़फूंक करने लगा। उसके कहने पर ख्याली ने महिला के साथ अश्लीलता शुरू कर दी। महिला समझ गई कि वह लोग उसके साथ गलत करने की फिराक में हैं। महिला ने विरोध किया। कहा कि उसे कोई दवा नहीं लेनीं। ख्याली और तांत्रिक ने महिला को मारापीटा। महिला ने शोर मचाया तो उसका मुंह दबा दिया।
किसी से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी और भाग गए। महिला ने कोतवाली बिसौली पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने ख्याली और अज्ञात के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और धमकाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। बिसौली कोतवाल आरबी सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आगे की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें- Budaun News: खेतों में खड़े गन्ने का सर्वे शुरू, गन्ना विभाग ने लगाई टीमें
