Pilibhit News: लीकेज की समस्या सुधरवाने में मददगार बनेगें पालिका के रिटायर्ड जलकल प्रभारी, जानिए पूरा मामला
पीलीभीत, अमृत विचार। शहर की बिगड़ी पेयजल व्यवस्था को सुधारने के लिए नगर पालिका की जलकल विभाग की टीम ने तमाम जतन किए लेकिन कहीं न कहीं अनुभव की कमी आड़े आ गई। ऐसे में अब जलकल के रिटायर्ड कर्मचारी की मदद ली जाएगी। जिम्मेदारों का मानना है कि रिटायर्ड कर्मी को शहर में पुराने स्थान पर डाली गई पाइप लाइन की अधिक जानकारी है। ऐसे में जल कल प्रभारी पद से रिटायर्ड एक कर्मचारी को जलकल विभाग में आउटसोर्सिंग कर्मचारी के रूप में नियुक्त किया गया है। जो कि वर्तमान जलकल प्रभारी के सहयोगी के तौर पर काम कर लीकेज समेत अन्य समस्या का सुधार कराने में मदद करेगा।
बता दें कि अमृत योजना की पाइप लाइन बिछाने के बाद से शहर में पेयजल की व्यवस्था बेपटरी हो गई है। शहर में जगह-जगह लीकेज हो रहे हैं। जो शहरवासियों के मुसीबत बने हुए थे। कुछ दिन पूर्व में अशोक कॉलोनी, एकता नगर, बल्लभनगर कॉलोनी समेत विभिन्न स्थानों में लीकेज की समस्या बनी हुई थी। पालिका के जिम्मेदारों का कहना था कि गैस लाइन डालने वाले ठेकेदारों ने कई जगह गड़्ढे किए थे। इसी दौरान कई जगह पानी की लाइन लीकेज हो गई।जिससे सुधारने में नगरपालिका की टीम जुटी रही। मगर लाइन पुरानी होने के कारण कर्मचारियों को स्थान तलाशने में दिक्कत आ रही थी।
ऐसे कर्मचारी की तलाश की जा रही थी, जिसे पूर्व में डाली गई पाइप लाइन के बारे में अधिक जानकारी हो और वह जलकल टीम की मदद कर से। नगरपालिका चेयरमैन डॉ. आस्था अग्रवाल के समक्ष पूर्व जलकल प्रभारी राकेश कुमार को आउटसोर्सिंग पर रखने का प्रस्ताव रखा गया। चेयरमैन ने स्वीकृति दी और तत्काल लीकेज की समस्या से शहरवासियों को मुक्ति दिलाने के निर्देश दिए। ताकि पेयजल व्यवस्था पटरी पर आ सके। इस पर अब सेवानिवृत्त हो चुके राकेश कुमार को आउटसोर्सिंग कर्मचारी के तौर पर ज्वाइन कराया गया है। वह जलकल प्रभारी तारिक हसन खां के साथ सहयोगी के रुप में कार्य करेंगे। चेयरमैन ने बताया कि आउटसोर्स में एक पूर्व कर्मचारी को रखा गया है, जो जलकल में काम करेंगे।
ये भी पढ़ें- Pilibhit News: दूसरे दिन भी फरार शिकारी की तलाश में जुटा रहा विभाग, नहीं मिली सफलता
