हरदोई में बेखौफ चोरों ने कई मकानों पर बोला धावा, लाखों का माल चोरी   

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई, अमृत विचार। चोर इतने बेखौफ हो गए हैं कि अब तो उन्होंने पब्लिक के साथ-साथ पुलिस वालों के घरों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। गुरुवार की रात में बघौली थाने के महरी गांव पहुंचे चोर एक कांस्टेबिल के अलावा और कई घरों में घुस कर वहां से लाखों की नगदी और माल-ज़ेवर पार कर फरार हो गए।

बताया गया है कि गुरुवार की रात बघौली थाने के महरी गांव में चोरों ने संजय पुत्र जमुना प्रसाद वर्मा के घर में हाथ साफ कर दिया। वहां से लाखों का सामान और नगदी लेकर फरार हो गए। उसके अलावा विपिन सिंह पुत्र लल्लन सिंह के घर धावा बोलकर उसके घर में रखा काफी सामान उठा ले गए। उसी बीच चोरों ने यूपी पुलिस में तैनात कांस्टेबिल सूरज सिंह पुत्र संतोष सिंह के घर की छत से ग्रिल में साड़ी बांधकर नीचे उतरे और वहां रखा सामान व नगदी पर हाथ साफ कर दिया। सूरज सिंह के मुताबिक देर रात में वह बाथरूम करने उठा और दरवाज़ा खोला तो दरवाज़ा बाहर से बंद था,इस पर उसने अपने पिता संतोष सिंह को आवाज़ दी,उन्होंने अपने कमरे का दरवाज़ा अंदर से खोला तो वह भी बाहर से बंद था। उस बीच घर में बैठे चोर बेखौफ हो कर चोरी को अंजाम दे रहे थे। इस तरह से पुलिस कांस्टेबिल को उसके घर से सुनाई दे रही आवाज़ सुनकर सारा कुछ समझने में देर नहीं लगी और उसने अपने आस-पड़ोस वालों को फोन करना शुरू कर दिया। 

जब तक गांव के लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकलते, उससे पहले ही चोर सारा कुछ समेट कर वहां से निकल गए और गांव के दूसरे घरों में दस्तक दी,लेकिन लोगों के जागने से उनकी एक नहीं चली। सूचना मिलते ही वहां पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।इस बारे में एसएचओ बघौली विवेक वर्मा ने बताया कि जांच की जा रही है, तहरीर आने पर केस दर्ज किया जाएगा।

एक्शन में आई बघौली पुलिस
महरी गांव के कई घरों में हुई चोरी की जांच करने में जुटी पुलिस ने आस-पड़ोस के इलाकों में दबिश देनी शुरू कर दी है। साथ कई संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। एसएचओ विवेक वर्मा ने बताया है कि बहुत जल्द ही सारा कुछ खुलासा कर लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें -अलविदा: बहराइच-नेपालगंज मीटर गेज लाइन पर अंतिम बार रवाना हुई ट्रेन, फूल मालाओं से सजाया गया इंजन, भावुक हुए यात्री

संबंधित समाचार