श्रावस्ती: डीएम ने एसपी के साथ की पैदल गश्त, अवैध अतिक्रमणकारियों से कहा- खुद हटा लें अन्यथा होगी सख्त कार्रवाई!
नगर पालिका भिनगा में अवैध अतिक्रमणकारियों को दी लास्ट वार्निंग!, कहा- अतिक्रमण नहीं हटा तो लगेगा तगड़ा जुर्माना
श्रावस्ती, अमृत विचार। नगर पालिका परिषद भिनगा के अन्तर्गत भिनगा बाजार में सड़क व पटरियों पर अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए जिलाधिकारी कृतिका शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक घनश्याम चौरसिया ने गुरुवार को रात्रिकाल में अशोक तिराहे से लेकर मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय भिनगा तक पैदल मार्च किया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय व्यापारियों एवं दुकानदारों से वार्ता कर अतिक्रमण न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन दुकानदारों एवं व्यापारियों ने अतिक्रमण किया गया है, वह स्वयं ही अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा अभियान के दौरान कोई रियायत नहीं बरती जायेगी। अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उनसे जुर्माना भी वसूल किया जायेगा।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार नगर पालिका व नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा नगर/कस्बों में दुकानदारों व व्यापारियों को पहले से ही आगाह किया गया है। यदि उनके द्वारा अब भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। अवैध अतिक्रमण से वाहनों के आने-जाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसलिए अवैध अतिक्रमण को समाप्त कर लोगों के आवागमन को सुगम बनाया जा रहा है।
पैदल मार्च के दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक राम दत्तराम, उपजिलाधिकारी भिनगा पीयूष जायसवाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी अतुल चौबे, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका भिनगा डा. अनीता शुक्ला, व्यापार मण्डल के अरविन्द गुप्ता, दीनानाथ गुप्ता, सूफी सगीर सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण एवं भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
यह भी पढ़ें: अमेठी में 'black friday'! ट्रेलर ने बाइक सवारों को मारी जोरदार टक्कर, मां-बेटे-बहू तीनों की हो गई मौत, कोहराम!
