Kanpur: कैंट में कुत्तों का आतंक: आम राहगीरों और सेना के जवानों को बना रहे निशाना; नगर निगम से मांगी गई मदद...

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Shukla
On

कानपुर, अमृत विचार। कैंट क्षेत्र में कुत्तों का आतंक बढ़ गया है। आम राहगीरों के साथ ही आवारा कुत्तों ने सेना के जवानों को भी परेशान कर रखा है। कैंट क्षेत्र में आवारा सांड, गाय व कुत्ते इतनी बड़ी संख्या में बढ़ गए हैं कि कैंट बोर्ड को नगर निगम से मदद मांगनी पड़ गई है। छावनी परिषद के मुख्य अधिशाषी अधिकारी अनुज गोयल ने नगर निगम को पत्र लिखकर कुत्तों और छुट्टा पशुओं को पकड़ने के लिए मदद मांगी है। इसके साथ ही कुत्तों की नसबंदी की भी मांग की है।

मुख्य अधिशाषी अधिकारी के मुताबिक कुत्तों और छुट्टा पशुओं के कारण छावनी क्षेत्र के नागरिकों और सेना के जवानों को आवागमन में बाधा आ रही है। आवारा गोवंश के अलावा छावनी क्षेत्र में सड़कों पर घूम रहे आवारा कुत्ते भी बड़ी मुसीबत बन गए हैं। कुत्ते बच्चों-बड़ों को दौड़ाकर काटने लगे हैं। कई सैनिकों को भी कुत्तों ने काटा है। कुत्तों के दौड़ाने की वजह से हादसे भी बढ़ गए हैं। 

इससे यातायात भी प्रभावित हो रहा है। फेथफुलगंज, मीरपुर और रेलबाजार में आवारा पशुओं की संख्या 10 हजार से ज्यादा है। अधिशाषी अधिकारी ने नगर निगम को पत्र लिखकर आवारा जानवरों को पकड़ने में मदद मांगी है। कहा है कि यदि कोई शुल्क हो तो वो भी बताया जाये। 

ढाई लाख से अधिक आवारा पशु

कैंट क्षेत्र के अलावा शहर की सड़कों पर ढाई लाख से अधिक आवारा पशु घूम रहे हैं। गाय, सांड़ व अन्य जानवर छुट्टा घूम रहे हैं। कुत्तों के हमले भी बढ़ गये हैं। कुत्तों की नसबंदी न होने की वजह से इनकी संख्या लगातार बढ़ रही है।

यह भी पढ़ें- Kanpur: शिक्षा विभाग ने शुरू किया उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण; 36 परीक्षा केंद्रों तक पहुंची यूपी बोर्ड कॉपियां...

 

संबंधित समाचार