पीलीभीत: 48 घंटे बाद भी नहीं ढूंढ सके खुराफाती, खंगाल रहे सोशल मीडिया अकाउंट...जानें मामला

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

ग्रामीणों ने दिखाई सूझबूझ, रोजमर्रा की तरह रही चहलकदमी

पीलीभीत,अमृत विचार। ज्ञानवापी से जुड़े विवादित पोस्टर लगाने का मामला सामने आने पर पुलिस ने अज्ञात पर एफआईआर तो दर्ज की लेकिन इस मामले को अभी भी जिम्मेदार गंभीरता से लेते नहीं दिखाई दे रहे हैं। नतीजतन 48 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस कोई सुराग नहीं जुटा सकी है।  खुराफात करने वाले तक पहुंचने के लिए एक्स अकाउंट खंगाले जा रहे हैं। उसमें भी कोई प्रगति नहीं हो सकी है। फिलहाल ग्रामीणों ने सूझबूझ का परिचय दिया और दूसरे दिन चहलकदमी रोजमर्रा की तरह आम रही।

सुनगढ़ी थाना क्षेत्र में शहर से सटा मुस्लिम बाहुल्य गांव चिड़ियादाह में गुरुवार सुबह जब लोग घरों से बाहर निकले तो मकान की दीवारों, बिजली के खंभों पर ज्ञानवापी से जुड़े विवादित और भड़काऊ पोस्टर चस्पा मिले थे। जिसके बाद हड़कंप मच गया था। इसकी सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया, सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी, इंस्पेक्टर सुनगढ़ी संजीव शुक्ला पुलिस बल के साथ पहुंचे और जानकारी की। खुफिया विभाग की टीमें भी पहुंची थी। माना जा रहा था कि बुधवार रात को किसी वक्त फिजा खराब करने के लिए पोस्टर लगवाए गए हैं। 

अज्ञात पर मामले की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इस घटना की तह तक पहुंचने के दावे तो किए गए लेकिन पुलिस खुराफात करने वाले का पता नहीं लगा सकी है। आशंका जताई गई थी कि पोस्टर पहले सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया था। जिसके बाद उसके प्रिंट कराए गए।ऐसे में पुलिस एक्स अकाउंट खंगाल रही है। दूसरे दिन शुक्रवार को वैसे भी अलर्ट कर दिया गया था। एक दिन पहले पोस्टर लगाए जाने के कारण पुलिस बल तैनात रहा। थाना पुलिस भी भ्रमण करती रही। मगर कुछ खास सुराग नहीं मिल पाए। ग्रामीण रोजमर्रा की तरह चहलकदमी करते रहे।

साइबर सेल करती रही विवादित मेसेज की निगरानी
गांव में चस्पा किए गए विवादित पोस्टर में ट्विटर का जिक्र करते हुए नौ फरवरी की रात नौ बजे का लिखा हुआ था। ऐसे कोई खुराफात विवादित मेसेज वायरल कर न की जा सके। इसके लिए साइबर सेल टीम को भी अलर्ट किया गया।  सोशल मीडिया पर निगरानी कराई गई। खासकर ट्विटर एकाउंट से की जा रही पोस्टों पर साइबर सेल के कर्मचारी निगाह बनाए रहे।

इस मामले में एक दिन पूर्व ही रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी।  गांव में माहौल पूरी तरह से शांत है। खुराफात किसने की, इसका पता लगाने के लिए जांच चल रही है। जल्द ही उसका पता लगाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी - संजीव शुक्ला, इंस्पेक्टर सुनगढ़ी।

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: पुलिस-प्रशासन रहा अलर्ट...मस्जिदों के बाहर पहरा, अफसर भ्रमण कर भांपते रहे हालात

संबंधित समाचार