फिरोजाबाद : जुमे की नमाज पर सतर्क रहा प्रशासन, आईजी और एसपी ने शहर में संभाला मोर्चा
फिरोजाबाद, अमृत विचार। प्रदेश भर में हाई अलर्ट के चलते फिरोजाबाद में भी पुलिस प्रशासन चौकन्ना रहा। एसपी सौरभ दीक्षित ने बीते गुरुवार अलर्ट मिलते ही जिले भर के फोर्स को मुस्तैद रहने के लिए निर्देश दिए थे।
शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस की कड़ी निगरानी रही। वरिष्ठ अधिकारी पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने शहर के मिश्रित आबादी वाले हिस्सों में ड्रोन के जरिए भी निगरानी कराई साथ संवेदनशील इलाकों में पुलिस की टुकड़िया मौजूद रहीं। आईजी रेंज आगरा ने भी रेंज के सभी जिलों पर नजर रखी और फिरोजाबाद पहुंचकर पुलिस की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आईजी रेंज ने एसपी के साथ फोर्स लेकर शहर भर में पैदल मार्च किया और लोगों से सौहार्द पूर्ण वातावरण बनाए रखना की अपील भी की ।
आगरा आईजी रेंज दीपक कुमार ने प्रेस के माध्यम से लोगों से अपील की है कि वह किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास ना करें और अपने शहर अपने मोहल्ले में शांति बनाए रखें। किसी भी प्रकार की भड़काऊ संवेदनशील पोस्ट को सोशल प्लेटफॉर्म्स पर अपनी ओर से वायरल न करें न ही उन पर ध्यान दें। उन्होंने कहा की ऐसे किसी भी अराजक तत्व की निगरानी लगातार पुलिस द्वारा की जा रही है। अगर ऐसी हरकत करते हुए कोई भी व्यक्ति पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिले के सभी तहसीलों में हाई अलर्ट को लेकर पुलिस सतर्क रही शिकोहाबाद में एसपी ग्रामीण रणविजय सिंह ने फोर्स के साथ पैदल मार्च किया और लोगों से शांतिपूर्वक एवं सौहार्द पूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की।
ये भी पढ़ें -बरेली के श्यामतगंज बाजार में पथराव, तीन युवकों को पीटा, पुलिस तैनात
