प्रतापगढ़ viral video : चेयरमैन प्रतिनिधि बनकर गुरू जी ने की प्रेसवार्ता, बीएसए ने किया निलंबित 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कुण्डा/ प्रतापगढ़, अमृत विचार। नगर पंचायत हीरागंज बाजार के कार्यालय में परिषदीय विद्यालय के शिक्षक ने प्रेसवार्ता की इसका वीडियो शुक्रवार को वायरल होने पर बीएसए ने शिक्षक को निलंबित कर दिया।
 
नगर पंचायत हीरागंज बाजार में अध्यक्ष पद अनुसूचित महिला के लिए आरक्षित था। इस पर पहली चेयरमैन सुरेखा देवी निर्वाचित हुई हैं। स्वयं को उनका प्रतिनिधि बताने वाले बाबागंज के विकास खण्ड के रायगढ़ प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक उदय शंकर पांडेय ने शुक्रवार को नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठ कर प्रेसवार्ता की।
 
पत्रकारों से मुखातिब होकर उन्होंने कहा कि वह नगर पंचायत का विकास ऐसा करेंगे कि पूरे प्रदेश मे हीरागंज नगर पंचायत पहले नम्बर की नगर पंचायत बनेगी। साथ ही नगर पंचायत में रहने वाले पात्र लोगों को आयुष्मान कार्ड, विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन समेत सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। पूछे गए सवाल में उन्होंने बताया कि उन्हें अध्यक्ष ने अपना प्रतिनिधि बनाया है, जरूरत पड़ने पर वह नगर पंचायत में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होती हैं। नगर पंचायत में फैले जर्जर विद्युत तारों को जल्द की बदलने की बात भी उन्होंने कही। शिक्षक के प्रेसवार्ता का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ। उसे संज्ञान में लेते हुए बीएसए भूपेंद्र सिंह ने शिक्षक उदय शंकर को निलंबित कर दिया।

अवकाश के दिन अध्यक्ष, ईओ की अनुपस्थिति में खुला कार्यालय,डीएम से शिकायत
पूर्व जिला पंचायत सदस्य अभय प्रताप सिंह पप्पन ने जिलाधिकारी संजीव रंजन को शुक्रवार को शिकायती पत्र दिया। अवगत कराया कि शुक्रवार को मौनी अमावस्या का सार्वजनिक अवकाश है। अध्यक्ष और ईओ की अनुपस्थिति में कुछ लोग द्वारा नगर पंचायत हीरागंज बाजार कार्यालय को अवकाश में भी खोलकर प्रेसवार्ता की जा रही है।  अध्यक्ष पद पर सुरक्षित महिला हैं, उनकी कुर्सी पर किसी के बैठने का औचित्य नहीं है। मामले की जांच कर मामले में केस दर्ज कराये जाने की मांग की। इस पर डीएम ने कार्रवाई का भरोसा दिया।

वर्जन-
एक  शिक्षक शिक्षण कार्य करता है। इस तरह की राजनीति नहीं कर सकता है। यह शिक्षक आचरण नियमावली के विपरीत है। शिक्षक को निलंबित करते हुए मामले में स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। -भूपेंद्र सिंह,बीएसए प्रतापगढ़

ये भी पढ़ें -फिरोजाबाद : जुमे की नमाज पर सतर्क रहा प्रशासन, आईजी और एसपी ने शहर में संभाला मोर्चा

संबंधित समाचार