सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में CM धामी का भव्य रोड शो, हजारों की संख्या में कार्यकर्ता हुए शामिल
अल्मोड़ा, अमृत विचार: शनिवार को सूबे की सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भव्य रोड शो किया। इस दौरान हजारों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। अपनी निराले अंदाज के लिए प्रसिद्ध अल्मोड़ा में महिलाओं ने कुमाऊंनी पारंपरिक परिधान पहन कर सीएम धामी का भव्य स्वागत किया। वहीं छलिया नृतकों ने भी पौराणिक वाद्य यंत्रों के साथ रोड शो में भाग लेकर सीएम का जाेरदार खैरकमदम किया।
.jpeg)
सीएम पुष्कर धामी शनिवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अल्मोड़ा के आर्मी हेलीपैड पर उतरे। यहां कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। जिसके बाद उन्होंने नगर के पल्टन बाजार से शुरू रोड शो में भाग लिया। रोड शो पल्टन बाजार से शुरू होकर, थाना बाजार, जौहरी बाजार, गंगोला मोहल्ला, कचहरी बाजार, कारखाना बाजार, चौक बाजार , मिलन चौक होते हुए शिखर तिराहे पर खत्म हुआ।
रोड शो के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। पारंपरिक वेशभूषा में चल रही महिलाएं और छलिया नृतकों ने भी रोड शो में खूब समां बांधा। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री प्रत्येक बाजार में लोगों का अभिवादन स्वीकर करते दिखे। कई लोगों से हाथ मिलाया और रोड शो के दौरान ही कई लोगों की समस्याओं से भरे पत्र स्वीकार कर चलते चलते उनके समाधान का आश्वासन भी दिया।
रोड शो के दौरान अल्मोड़ा का मुख्य बाजार कार्यकर्ताओं की भीड़ से खचाखच भरा हुआ था। स्थानीय लोग घरों के आंगन और छतों से मुख्यमंत्री का फूल बरसाकर स्वागत कर रहे थे। जबकि सीएम ने भी उनका हाथ जोड़कर उनका अभिनंदन स्वीकार किया।
रोड शो के दौरान सीएम धामी के साथ अल्मोड़ा पिथौरागढ़ के सांसद अजय टम्टा, विधायक मोहन सिंह मेहरा, प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा अल्मोड़ा के जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा, रानीखेत की जिलाध्यक्ष लीला बिष्ट समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। शिखर तिराहे पर रोड शो समाप्त होने के बाद सीएम आरबीआई सेंटर हवालबाग को रवाना हो गए।
जय श्री राम के लगते रहे नारे
मुख्यमंत्री पुष्का धामी का अल्मोड़ा में आयोजित रोड शो करीब डेढ़ घंटे चला। करीब ग्यारह बजकर पचास मिनट पर शुरू रोड नगर के विभिन्न बाजारों से होते करीब एक बजकर पंद्रह मिनट पर शिखर तिराहे पर सम्पन्न हुआ। रोड शो के दौरान कार्यकर्ता सीएम के रथ के आगे जय श्री राम के नारे लगाते हुए चल रहे थे। कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भीड़ देख सीएम धामी भी काफी गदगद दिखाई दिए।
यह भी पढ़ें- अल्मोड़ा: पति पर मारपीट और सास पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप
