प्रयागराज: नैनी स्टेशन के प्लेटफार्म चार पर बनेगा टिकट काउंटर और वेटिंग हॉल, यात्रियों को होगी सहूलियत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनी, प्रयागराज, अमृत विचार। नैनी जंक्शन स्टेशन के प्लेटफार्म पर टिकट घर और वेटिंग हाल बनाया जाएगा। इसके लिए कार्य चल भी रहा है। इसके बन जाने से चाका की ओर रहने वाले दर्जनों मोहल्लों के लोगों को सहूलियत होगी। महाकुंभ के मद्देनजर रेलवे विभाग नैनी जंक्शन स्टेशन पर कई कार्य करा रहा है। 

इसी क्रम में नैनी स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या चार पर टिकट घर और वेटिंग हाल बनवाया जाएगा। कहने को तो यह कुंभ का कार्य है लेकिन इसके बन जाने से चाका की ओर रहने वाले दर्जनों यात्रियों को इससे काफी सुविधा हो जायेगी। चाका, चकलाल मोहम्मद, महेवा, मोहब्बतगंज, मड़ौका, डांडी, तिगनौता, डभांव, धनुहा, छिवकी, बसवार सहित अन्य मोहल्लों के लोगों को नैनी स्टेशन से टिकट लेने के लिए प्लेटफार्म एक पर जाना पड़ता है।

cats.6

इसके लिए लोगों को रेलवे पुल पार कर प्लेटफार्म एक से होकर बाहर टिकट काउंटर पर जाना पड़ता है। या तो रीवा रोड से लेप्रसी चौराहा होते हुए नैनी स्टेशन आकर टिकट लेना पड़ता है। लेकिन प्लेटफार्म चार पर टिकट घर बन जाने पर उन्हें इसी पर टिकट उपलब्ध हो जाएगा। इससे यात्रियों को काफी सुविधा हो जाएगी। इसके अलावा वेटिंग हाल भी बन जाने के बाद ट्रेन की प्रतीक्षा करने में परेशानी नही होगी। टिकट घर और वेटिंग हाल बनाने का कार्य भी चल रहा है। 

प्लेटफार्म चार पर जगह नहीं होने की दशा में रेलवे कालोनी वाली सड़क को शिफ्ट करने का काम तेजी से हो रहा है। इसके अलावा रेलवे स्टेशन के लिए एक नया गेट भी मलहरा फाटक के पास बनवाएगा। इससे भी कुंभ के दौरान यात्रियों के अलावा स्टेशन मार्ग से गुजरने वालों को सहूलियत होगी। इस संबंध में प्रयागराज रेल मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि कुंभ के तहत प्लेटफार्म चार पर टिकट घर, प्रतीक्षालय तथा मलहरा फाटक के पास स्टेशन का गेट बनाया जाएगा। इससे यात्रियों को काफ़ी सुविधा होगी।

यह भी पढ़ें:-अलविदा: बहराइच-नेपालगंज मीटर गेज लाइन पर अंतिम बार रवाना हुई ट्रेन, फूल मालाओं से सजाया गया इंजन, भावुक हुए यात्री

 

संबंधित समाचार