पीलीभीतः रेलिंग से टकराकर नहर में डूबे बाइक सवार, एक की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Om Parkash chaubey
On

पीलीभीत,पूरनपुर,अमृत विचार : बीसलपुर से पूरनपुर आ रहे दो युवकों की बाइक हरदोई ब्रांच नहर की रेलिंग से टकरा गई। इसके बाद दोनों नहर में जा गिरे। एक की डूबने से मौत हो गई। जबकि दूसरे को ग्रामीणों की मदद से सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने बचा लिया। घायल को अस्पताल भर्ती कराया गया। परिवार वाले भी जानकारी मिलने पर आ गए। जिसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 बता दें कि घुंघचाई से बीसलपुर जाने के लिए दियोरिया होकर मुख्य मार्ग निकला है। दियोरिया मार्ग पर निर्माण कार्य चल रहा है। इसके चलते राहगीर हरदोई ब्रांच नहर पटरी से होकर घुंघचाई पहुंच रहे हैं। रविवार सुबह करीब आठ बजे बीसलपुर की ओर से दो बाइक सवार हरदोई ब्रांच नहर पटरी से होकर पूरनपुर आ रहे थे। थाना गजरौला क्षेत्र के मनहरिया खुर्द के पास तेरह मील पुल पर बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई।

जिसके बाद बाइक सवार बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम परसिया निवासी अवनीश (28) पुत्र दिग्विजय और उसका साथी अमरिया निवासी सुमित (25) पुत्र ओमप्रकाश हरदोई ब्रांच नहर में जा गिरे। बाइक के रेलिंग से टकराने पर तेज आवाज हुई। इसे सुनकर कुछ दूरी पर मौजूद सिंचाई विभाग के कर्मचारी और ग्रामीण आ गए।

अवनीश और सुमित नहर में डूब रहे थे। जिसके बाद दोनों को बचाने के लिए कर्मचारियों ने ग्रामीणों की मदद से प्रयास शुरू किए। बमुश्किल सुमित को रस्सी के सहारे नहर से बाहर निकाल लिया जबकि अवनीश डूब गया। घायल सुमित को पूरनपुर सीएचसी भिजवा दिया।

इधर, हादसे की सूचना मिलने पर थाना गजरौला और थाना घुंघचाई की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नहर के पानी में डूबे अवनीश की खोजबीन कराई। पुल से करीब 100 मीटर आगे अवनीश का शव नहर से बरामद किया गया।  इस दौरान नहर पुल पर भीड़ लगी रही।

पुलिस ने सिम बदलकर परिजनों को दी घटना की जानकारीः नहर से सुमित को निकालने के बाद सिंचाई विभाग के कर्मचारी और ग्रामीण अवनीश को भी ढूंढने लगे थे। लेकिन उसका पता नहीं चल पा रहा था। गोताखोरों की मदद से पुलिस ने अवनीश के शव को बाहर निकलवाया। उसकी पीठ पर बैग भी टंगा हुआ था। पहचान न होने पर पुलिस ने उसकी जेब में मिले मोबाइल का सिम दूसरे मोबाइल में डालकर परिजनों को घटना के बारे में बताया। तब जाकर परिजन को सूचित किया जा सका था।

नहर में गिरे दो युवकों में एक को बचा लिया गया जबकि दूसरे की डूबने से मौत हो गई।  घायल को अस्पताल भर्ती कराया गया है। शव पोस्टमार्टम कराकर परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है। - रूपा बिष्ट, एसओ गजरौला

ये भी पढ़ें - पीलीभीतः डीएम को जमुनिया पीएचसी के निरीक्षण में डॉक्टर मिले गायब, एक दिन का वेतन काटने के दिए निर्देश

संबंधित समाचार