Kanpur: जाजमऊ पुल पर महीने भर में उखड़ने लगा पैचवर्क... जगह-जगह दिख रहे गड्ढे, दे रहे भरे हादसे को अंदेशा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर के जाजमऊ पुल पर महीने भर में उखड़ने लगा पैचवर्क

कानपुर, अमृत विचार। कानपुर से लखनऊ तक राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति बहुत ही खराब हो गई है। जगह- जगह गड्ढों की वजह से एक तो वाहनों की रफ्तार धीमी हो रही है दूसरे जाम लग रहा है। साथ ही हादसे भी हो रहे हैं।

जाजमऊ गंगा पुल की मरम्मत का कार्य दिसंबर में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण कानपुर की इकाई ने कराया था लेकिन अब इस पर फिर गड्ढे होने लगे हैं। पुल के फुटपाथ की स्थिति तो कुछ ज्यादा ही खराब है। यह भी टूट गया है। 

जाजमऊ में गंगा पर दो पुल बने हैं। पुराने पुल का उपयोग लखनऊ से आने के लिए किया जाता है जबकि नए पुल का उपयोग लखनऊ जाने के लिए होता है। प्राधिकरण की कानपुर इकाई को पुल और रामादेवी से जाजमऊ तक हाईवे की मरम्मत करनी है। पुल के बाद उन्नाव सीमा में सड़क की मरम्मत का कार्य प्राधिकरण की लखनऊ इकाई के पास है। हर दिन इस पर दो लाख से अधिक वाहन गुजरते हैं।

Road Patholes 1

लाखों रुपये का टोल हर दिन वसूला जाता है लेकिन मरम्मत के नाम पर कुछ भी नहीं किया जा रहा है। गड्ढों का पैचवर्क तो कभी कभार होता है लेकिन वह भी महीना भर नहीं चल पाता। गड्ढे फिर जस के तस हो जाते हैं। पुल की मरम्मत दिसंबर में की गई थी लेकिन जो स्थिति है उससे नहीं लगता कि मानक के अनुरूप काम हुआ होगा।

मानक की अनदेखी का ही परिणाम है कि सड़क पुल पर गड्ढे हो गए। बारिश के समय रामादेवी से जाजमऊ तक फ्लाईओवर पर भी मरम्मत का कार्य किया गया था लेकिन लेकिन अब उस पर भी गड्ढे हो गए हैं। जाजमऊ से रामादेवी  के बीच सड़क बनाने के लिए एनएचएआई की ओर से टेंडर की प्रक्रिया की जा रही है। पांच करोड़ रुपये से काम होना है। उम्मीद की जा रही है कि मार्च तक काम शुरू हो जाएगा। 

पांच करोड़ रुपये से सड़क की मरम्मत का काम होना है। इसके टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। मार्च तक सड़क बना दी जाएगी। पुल पर भी यदि गड्ढे होंगे तो उनका भी पैचवर्क किया जाएगा।– अमन रोहिल्ला, परियोजना निदेशक एनएचएआई

ये भी पढ़ें- राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ CM Yogi भी आएंगे शहर... इस दिन होगा कानपुर रिंग रोड परियोजना का शिलान्यास

संबंधित समाचार