Unnao News: अज्ञात महिला का शव मिलने से फैली सनसनी; इलाकाई लोग जता रहे दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका...

Unnao News: अज्ञात महिला का शव मिलने से फैली सनसनी; इलाकाई लोग जता रहे दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका...

उन्नाव, अमृत विचार। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के त्रिभुवन खेड़ा के पास सोमवार दोपहर एक अज्ञात महिला का शव क्षेत्रीय लोगों ने देखा। क्षेत्रीय लोगों ने शव की जानकारी गंगाघाट कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और शिनाख्त कराने का प्रयास किया। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड की टीम ने मौके पहुंचकर जांच की है। वहीं शव देखकर दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जतायी जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुयी है।

बता दें जाजमऊ चौकी अंतर्गत त्रिभुवन खेड़ा के पास सड़क के किनारे हो रही प्लाटिंग के पास सोमवार दोपहर एक 32 वर्षीय अज्ञात महिला का शव पड़ा होने से हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना पर आस पास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गयी। मृतका के शरीर में कई चोट के निशान भी दिख रहे थे। इसके साथ ही नाक से खून निकल रहा था। जिस पर मौजूद लोगों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताते हुये गंगाघाट कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना पर जाजमऊ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। 

जिसके बाद कोतवाली प्रभारी रामफल प्रजापति भी पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और उन्होंने जांच पड़ताल कर आलाधिकारियों को अवगत कराया। जिसके बाद आस पास के लोगों को बुलाकर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को उन्नाव मर्च्युरी में रखवाया है। मृतका ने पीले रंग की साड़ी, गुलाबी और काले रंग का स्वेटर, कान में तीन बाली, पैर में दो-दो बिछिया, जूती, बैंगनी मोजे व शव के पास काले रंग का स्टाल पड़ा था। 

इस बावत कोतवाली प्रभारी रामफल प्रजापति ने बताया कि शव को उन्नाव मर्च्युरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण पता चल सकेगा। महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।

घटना स्थल पर पहुंची फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड

घटना के बाद फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। जहां टीम ने मौके पर साक्ष्य एकत्र किये। जिसके बाद डॉग स्क्वायड भी कुछ दूरी तक गया और रास्ता भटक गया। उसके भी हाथ कुछ नहीं लगा। पुलिस मामले की जांच करने में जुटी हुयी है।

यह भी पढ़ें- Kannauj News: पुलिस ने छापा मारकर अवैध शस्त्र फैक्ट्री पकड़ी; लोकसभा चुनाव में बेचने के लिए हो रहा था हथियारों का निर्माण...