Bareilly News: 'शहामतगंज में तौकीर रजा के प्रदर्शन से लौटते लोगों ने नहीं किया था पथराव, खुद उन्हीं पर चली थीं ईंटें'

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अंजुमन खुद्दाम-ए-रसूल की बैठक में लगाया आरोप, कहा- पुलिस सीसीटीवी चेक करे तो हो जाएगा खुलासा

तौकीर रजा(फाइल फोटो)

बरेली, अमृत विचार: अंजुमन खुद्दाम-ए-रसूल ने आरोप लगाया है कि शहामतगंज में मौलाना तौकीर रजा के प्रदर्शन से लौट रहे लोगों ने पथराव नहीं किया था बल्कि शरारती तत्वों ने उन पर पथराव कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज चेक करे तो पूरा खुलासा हो जाएगा। यह भी आरोप लगाया है कि व्यापार मंडल के नाम पर कुछ संदिग्ध लोग शहर में नफरत फैलाकर शांत माहौल गरमाने की कोशिश कर रहे हैं।

अंजुमन की बुधवार को हुई एक बैठक में सचिव शान रजा ने कहा कि आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां ने मस्जिदों और मदरसों पर हो रहे हमलों, मस्जिदों को मंदिरों में बदलने की कोशिशों के खिलाफ गिरफ्तारी देने का एलान किया था। यह कार्यक्रम संवैधानिक दायरे में होना था लेकिन पुलिस-प्रशासन ने तौकीर रजा को बिहारीपुर पुलिस चौकी पर ही रोक दिया। मौलाना ने अपना विरोध दर्ज कराने के बाद लोगों से बिना किसी शोरशराबे के घर लौटने के लिए कहा था।

शान रजा ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन से लौट रहे लोगों पर शहामतगंज की गुड़ मंडी में अराजक तत्वों ने पथराव कर दिया। अंजुमन के उपाध्यक्ष हाजी उवैस खां और हाजी शावेज हाशमी ने कहा कि आसपास के सीसीटीवी कैमराें की जांच करने से खुलासा हो जाएगा कि माहौल खराब करने के पीछे किन शरारती तत्वों का हाथ था।

उन्होंने कहा कि कुछ संदिग्ध किस्म के लोग व्यापार मंडल के नाम पर नफरत फैलाने के साथ शांत शहर का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। बैठक में प्रशासन से उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। बैठक का संचालन अंजुमन के वरिष्ठ सदस्य हाजी आसिम हुसैन ने किया।

यह भी पढ़ें- कानून व्यवस्था! बरेली में सड़क चलते युवक को मारी गोली,  24 घंटे बाद भी रिपोर्ट नहीं... संदिग्ध बताकर झाड़ा पल्ला 

संबंधित समाचार