काशीपुर: छात्रा पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी के घर पर चला बुलडोजर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। छात्रा पर जानलेवा हमले के आरोपी के घर पर प्रशासन व पुलिस की मौजूदगी में बुलडोजर चलाया गया। इस दौरान टीम ने मकान के अतिक्रमण वाले हिस्से को ढहा दिया। इस कार्यवाही से प्रशासन व पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के अपने इरादे को जता दिया है। जिससे आरोपी कोई भी गलत कदम उठाने से पहले सोचने को मजबूर हो जाए।

बता दें कि तीन दिन पूर्व मोहल्ला खालसा निवासी फरदीन ने कोचिंग सेंटर जा रही बीएससी की छात्रा पर एकतरफा प्यार में पड़कर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया था। जिससे छात्रा के सिर और हाथ पर गंभीर चोट आई थी। छात्रा को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं पुलिस ने आरोपी फरदीन सहित आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी को आठ घंटे में ढेला के पुल के पास से उसके दोस्त रउफ के साथ गिरफ्तार कर लिया था। वहीं दूसरे दिन पुलिस ने उसके भाई आकिब को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

घटना के तीसरे दिन गुरुवार को तहसीलदार पंकज चंदोला के नेतृत्व में कोतवाल मनोज रतूड़ी के नेतृत्व में पुलिस व नगर निगम की टीम मोहल्ला खालसा में फरदीन के घर पहुंची। जहां उसके मकान की नापजोख कर सड़क पर हुए अतिक्रमण को प्रशासन की टीम ने जेसीबी की मदद से ढहा दिया। इस दौरान मौके पर लोगों का जमावड़ा लगा रहा। मौके सहायक नगर आयुक्त यशवीर राठी, एसएसआई प्रदीप जोशी, एसआई सुनील सुतेड़ी समेत पुलिस कर्मी व नगर निगम की टीम मौजूद रही।

संबंधित समाचार