Mahoba: सपा नेता अजेंद्र सिंह राजपूत ने BJP पर साधा निशाना; बोले- 'भाजपा ने जनता को धोखा दिया है...मतदाता नाराज हैं'

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नईमुर्रहमान, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने हमीरपुर- महोबा- तिंदवारी संसदीय क्षेत्र से जातीय समीकरण को ध्यान में रखकर लोधी समाज के अजेंद्र सिंह राजपूत को मैदान में उतारा है। टिकट की घोषणा होते ही सपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी प्रचार में भी जुट गए हैं। मोदी की गारंटी के नारे के बीच वे कैसे इस जंग में विजय दर्ज करेंगे इस मुद्दे पर अमृत विचार डॉट कॉम संवाददाता नईमुर्रहमान ने अजेंद्र सिंह राजपूत से बातचीत की। उन्होंने दावा किया कि किसान, मजदूर, युवा हर किसी का उन्हें समर्थन मिलेगा और वे चुनाव जीतेंगे। 

पेश है बातचीत के अंश…

2019 के लोकसभा चुनाव में गठबंधन के बाद भी सपा- बसपा प्रत्याशी भाजपा से हार गया था इस बार कैसे जीतेंगे?

देखिए तब भाजपा के झूठे वादों और बहकाबे में बुंदेलखंड की जनता आ गई थी, लेकिन पांच साल तक भाजपा की डबल इंजन सरकार ने कुछ भी नहीं किया। झूठे वादे और जुमले की इस सरकार की हकीकत मतदाता जान चुके हैं। भाजपा ने जनता को धोखा देने के अलावा कुछ नहीं किया। 

इसलिए अब मतदाता सपा के साथ जाएंगे और उनकी जीत को सुनिश्चित करेंगे। बैकवर्ड, दलित, अल्पसंख्यकों के अलावा सभी वर्ग के मतदाताओं का भरोसा सपा पर है। संसदीय क्षेत्र में सबसे ज्यादा पिछड़े वर्ग के मतदाता हैं, इसी को देखते हुए सपा मुखिया ने पिछड़े वर्ग के प्रत्याशी को टिकट दिया है। सबका समर्थन ही हमारी जीत का आधार है। 

आपको कैसे लगता है कि किसान, युवा सब आपके साथ हैं ?

चुनाव में किसानों की आय दोगुनी करने, फसल बीमा का लाभ देने के वादे किए थे, लेकिन आज तक कोई वादा पूरा नहीं किया। भाजपा सरकार ने किसानों की समस्याओं को नजरदांज कर आंखें मूंद ली हैं। एमएसपी की गारंटी देने के बजाय किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। बेरोजगारी बढ़ी है। सभी को पता है कि हर किसी का हित सपा के साथ जाने में है। 

टिकट न मिलने से जो नाराज हैं उन्हें कैसे मनाएंगे ?

समाजवार्दी पार्टी एक परिवार है। टिकट न मिलने से कोई भी नाराज नहीं है, बल्कि सपा मुखिया के निर्णय के बाद सपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एकजुट होकर इंडिया गठबंधन की सरकार को बनाने के लिए अभी से जुट गए हैं। सपा के सभी कार्यकर्ता, नेता सपा प्रत्याशी को जीताने के लिए एकजुट होकर कार्य कर रहे हैं। कंधे से कंधा मिलाकर प्रचार शुरू कर दिया है। 

आपको लगता है कि आपकी जीत का आधार पीडीए बनेगा ?

भाजपा सरकार में पिछड़े, अल्पसंख्यकों और दलितों को पूरी तरह से नजरंदाज कर दिया गया है। पिछड़ों को उनके मानक के अनुरूप आरक्षण भी नहीं दिया जा रहा है, इसलिए जिसकी जीतनी संख्या भारी उसकी उतनी हिस्सेदारी के अनुपात में पिछड़ों को आरक्षण दिया जाना चाहिए। जातिगत जनगणना करने से भी सरकार भाग रही है, इसलिए पीडीए लोकसभा चुनाव में जीत का एक बड़ा आधार बन सकता है। पिछड़ों, दलितों के लिए इस सरकार ने कुछ नहीं किया। 

लोकसभा चुनाव में आपके स्थानीय स्तर पर क्या मुद्दे होंगे ?

गांव- गांव की टूटी पड़ी सड़कें, छोटे कस्बों और गांव में स्वास्थ्य केंद्र न होने से लोगों को बड़ी समस्याएं हैं। इक्का- दुक्का जगह पर स्वास्थ्य केंद्र हैं भी तो डॉक्टर नही हैं। डाक्टरों की नियुक्ति कराने का काम करेंगे। किसानों को सूखा राहत का पैसा दिलाए जाने, गांव- गांव में बिछाई गई पाइपलाइन के बाद भी घर तक पानी नहीं पहुंच रहा है, इन सारे मुद्दों को प्राथमिकता से उठाकर ग्रामीणों को सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, पानी जैसी समस्याओं से निजात दिखाई जाएगी। 

आपके नजर में पांच स्थानीय मुद्दे क्या हैं ?

पाइपलाइन बिछाने के नाम पर घोटाला, किसानों की खाद बीज समस्या, दैवीय आपदा के समय किसानों को मुआवजा दिलाने, बिजली, सड़क जैसे प्रमुख मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएंगे। पांच साल तक महंगाई, बेरोजगारी, पानी, खाद बीज जैसी समस्याओं ने जूझ रही जनता अब भाजपा से ऊब चुकी है, इसका लाभ लोकसभा चुनाव में सपा गठबंधन को मिलेगा।

यह भी पढ़ें- Kanpur Dehat: हाईवे किनारे खड़े ट्रक दे रहे हादसों को दावत: बाइक सवार दो युवकों की मौत; दो की हालत गंभीर...

संबंधित समाचार