बहराइच पुजारी हत्याकांड: कहीं जमीन के लालच में तो नहीं हुई पुजारी की हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मृतक के नाम छह बीघा जमीन और है पक्का मकान, शादी न होने के चलते भतीजे को ले रखा था गोद

सूरज त्रिवेदी/राजीचौराहा/ बहराइच, अमृत विचार। जिले के मकरंदपुर गांव में स्थित भैरव दास कुट्टी मंदिर के पुजारी की अज्ञात लोगों ने हाथ बांधकर निर्मम हत्या कर दी। पुजारी की हत्या के खुलासे के लिए एसपी की ओर से टीम गठित की गई है। हालांकि बिना परिवार के मंदिर में रह रहे पुजारी की हत्या जमीन के लालच में भी होने की आशंका जताई जा रही है।

रामगांव थाना क्षेत्र के रेहुआ मंसूर गांव निवासी काशीराम आर्य (70) खैरीघाट थाना क्षेत्र के ग्राम मकरंदपुर में स्थित भैरव दास कुट्टी मंदिर में पुजारी थे। वह लगभग पांच वर्ष से मंदिर में रहकर पूजा पाठ करते थे। मंदिर में ही निवास करते थे। बुधवार शाम को गांव निवासी राम किशुन पुत्र समयदीन अपने खेत को गए और पानी पीने के लिए भैरव दास कुट्टी चले गए। यहां पर बाबा को बिस्तर पर मृत पड़ा देखा। साथ ही उनका हाथ रस्सी से बांधा मिला। चेहरे से खून निकल रहा था। इस पर उन्होंने गांव के ग्राम प्रधान और अन्य को सूचना दी। काफी संख्या में लोग मंदिर पहुंचे। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह भी पुलिस टीम के साथ पहुंच गए। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉक्टर पवित्र मोहन त्रिपाठी फोरेंसिक टीम के साथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने जांच की। पुलिस के मुताबिक  मौत दो दिन पुरानी लग रही है। जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतक की चचेरी बहू रीना आर्या पत्नी बबलू की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच शुरू की है। 

नहीं की शादी, भतीजे को लिया गोद
भैरव दास मंदिर के पुजारी काशी राम आर्य ने विवाह नहीं किया था। वह अकेले रहते थे। उनके नाम से पुश्तैनी गांव में छह बीघा जमीन और पक्का मकान है। उन्होंने भतीजे बबलू को गोद ले रखा था। ऐसे में जमीन के मामले में भी हत्या की वारदात हो सकती है। हालांकि पुलिस सभी मामलों पर जांच कर रही है।

खुलासे के लिए गठित हुई टीम
मंदिर के पुजारी की हत्या गला दबाकर होने का मामला सामने आ रहा है। हत्या का केस दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए टीम गठित हुई है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा। -डॉक्टर पवित्र मोहन त्रिपाठी, एएसपी ग्रामीण

ये भी पढ़ें -यूपी बोर्ड परीक्षा: स्कूल पर परीक्षा में छात्रा को नहीं शामिल करने का आरोप, रोते हुए कही ये बात

संबंधित समाचार