हल्द्वानी: निगम की 130 व दिल्ली के लिए खरीदी जाएंगी 75 सीएनजी बसें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। परिवहन निगम की बोर्ड बैठक में निगम की 130 बसों की खरीद का अनुमोदन किया गया है। इसके साथ ही कई अन्य मुद्दों पर निर्णय लिए गए हैं। देहरादून स्थित परिवहन निगम मुख्यालय में गुरुवार को निदेशक मंडल की बैठक हुई।

बैठक में दिल्ली एनसीआर में बसों के संचालन के लिए पर्वतीय मार्गों से दिल्ली के लिए 100 बसें डीजल युक्त बीएस-6 और मैदानी मार्गों से दिल्ली के लिए 75 सीएनजी बसें खरीदे जाने और दिल्ली के लिए 100 सीएनजी बसें अनुबंध के आधार पर लगाये जाने का निर्णय लिया गया है।

इसके साथ ही निगम के नियमित कार्मिकों को सातवें वेतनमान का 1 जनवरी 2017 से 30 सितंबर 2017 तक की अवधि के एरियर का भुगतान 2 किश्तों में किए जाने का निर्णय लिया गया है। कार्मिकों व पेंशनधारकों को जुलाई 2023 से महंगाई भत्ते में 4 प्रतिशत की वृद्धि करते हुए 42 प्रतिशत से बढ़ाकर 46 प्रतिशत किये जाने का अनुमोदन करने के साथ ही शासन से अनुमति प्राप्त किये जाने के निर्देश दिए हैं।

सेवानिवृत्त कार्मिकों को ग्रेच्युटी और अवकाश नकदीकरण के मद में महंगाई भत्ते की अंतर धनराशि के भुगतान किये जाने और उत्तराखंड सरकारी सेवक पदोन्नति के लिए अर्हकारी सेवा में शिथिलीकरण (संशोधन) नियमावली को अंगीकृत किये जाने का निर्णय लिया गया है। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश अध्यक्ष आन सिंह जीना ने बोर्ड बैठक में कर्मचारियों के हित में लिए गए फैसलों का स्वागत किया है।

संबंधित समाचार