लखनऊ: लाखों की ज्वेलरी लेकर ऑटो चालक हुआ फरार, ITMS में कैद हुई वारदात, नहीं दर्ज हुई रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पांच दिन पूर्व महिला ने महानगर कोतवाली में दी तहरीर

लखनऊ, अमृत विचार। महानगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक ऑटो चालक महिला से लाखों की ज्वेलरी लेकर भाग निकला। हालांकि, चौराहे पर लगे आईटीएमएस सिस्टम में वारदात कैद हो गई। बावजूद इसके पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। ऑटो चालक पर कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर महिला ने आलाधिकारियों से मदद की गुहार लगाई है।

पुराना बादशाहनगर निवासी सावित्री सिंह गत 18 फरवरी को सुबह 10 बजे लोक बन्धु अस्पताल से घर ऑटो बुक कर घर की तरफ जा रही थी। लिखित शिकायत में महिला ने बताया कि केकेसी मार्ग पर एक पुलिस अधिकारी गोल मार्केट जाने के लिए ऑटो में सवार हो गया।

आरोप है कि गली नंबर-एक पर ऑटो चालक ने पुलिस अधिकारी को गोल मार्केट में छोड़ने की बात कहते हुए उसे जबरन ऑटो से उतार दिया। जैसे ही महिला ऑटो से उतरी चालक उसका सामान लेकर भाग निकला। महिला के शोर-मचाने पर भी चालक ने ऑटो को नहीं रोका।

महिला ने बताया कि ऑटो में रखे बैग में सोने की चैन, दो अंगूठियां, मंगल सूत्र, बैंक पासबुक, 12000 की नकदी लेकर चालक भाग निकला। इसके बाद महिला ने फौरन महानगर कोतवाली में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। लिखित शिकायत मिलते ही ऑटो चालक पर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें;-पेपर लीक मामले के बहाने राहुल ने पीएम मोदी पर किया पलटवार, कहा- नानी को ननिहाल का हाल सुना रहे हैं

संबंधित समाचार