Kanpur: मंडलायुक्त ने अधिकारियों संग की बैठक; मेट्रो का अनावश्यक अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

स्कूलों के आसपास न दिखे गंदगी और जलभराव- मंडलायुक्त

कानपुर, अमृत विचार। मंडलायुक्त अमित गुप्ता ने शुक्रवार को मंडलीय विकास कार्यों, कर-करेत्तर व राजस्व की समीक्षा बैठक ली। मंडलायुक्त ने मंडल के सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगरीय, ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों, आंगनबाड़ी परिसर और उसके बाहर जलभराव, गंदगी नहीं दिखनी चाहिए। सड़कों पर अनावश्यक पड़े मेट्रो के अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए। 

मंडलायुक्त कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में मंडलायुक्त ने कहा कि जनपदों में यह सुनिश्चित किया जाए कि ग्रामीण व नगरीय क्षेत्र के विद्यालयों, आंगनबाड़ी परिसर और परिसर के बाहर जलभराव, गंदगी न रहे। वहीं नगर में नवीन मार्केट से परेड के बीच सड़क पर अनावश्यक पड़ा मेट्रो अतिक्रमण को हटवाने के निर्देश दिए। कहा कि कई मार्गों पर कार्य समाप्त होने के बाद भी मेट्रो की सामग्री नहीं हटाई जा रही है। जिस कारण जनसामान्य को समस्या होती है। 

मंडलायुक्त ने डीएम से मार्गवार समीक्षा कर अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेस दो के तहत ठोस व तरल अपशिष्ट प्रबंधन में गांवों में संग्रहित अपशिष्ट पर नगर व कन्नौज के अतिरिक्त मंडल के अन्य जिलों की प्रगति ठीक नहीं बताई। कहा कि फसल अवशेष व कूड़ा जलाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इस पर अर्थदंड व दंडात्मक कार्रवाई की जाए। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत नामांकित बच्चों की उपस्थिति इटावा और औरैया में कम मिलने पर निर्देश दिया कि आगे माह में स्वास्थ्य परीक्षण के दिन 90 प्रतिशत से अधिक बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। 

साथ ही डीएम व सीडीओ बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार के लिए उपायों के संबंध में आख्या उपलब्ध कराएं। औरैया व कानपुर देहात में स्वच्छता शुल्क की जमा धनराशि कम मिली। इटावा, फर्रुखाबाद व कन्नौज के डीएम को जर्जर विद्यालय भवनों की ध्वस्तीकरण, नीलामी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। वहीं कन्नौज व कानपुर देहात में जनप्रतिनिधियों के क्षेत्र विकास निधि से अनुमोदित सोलर स्ट्रीट लाइटों की प्रगति जीरो मिली। इस पर प्राथमिकता बरतने के निर्देश दिए। इस मौके पर मंडलायुक्त ने कहा कि जिलों में गोवंशों को शतप्रतिशत संरक्षित कराया जाए। 

हाईवे पर गोवंश न जाए यह भी सुनिश्चित करें। कृत्रिम गर्भाधान, बधियाकरण की अच्छी प्रगति न मिलने पर मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारियों को चेतावनी देने के निर्देश दिए। पशु पालकों के गोवंश छोड़ने पर जुर्माना लगाने को कहा। नए अस्थायी गोआश्रय स्थलों के निर्माण, विस्तारीकरण में सभी जिलों की प्रगति खराब मिली। इस पर कहा डीएम समीक्षा करके सात दिवस में आख्या उपलब्ध कराएं। 

बैठक में कानपुर डीएम राकेश कुमार सिंह, डीएम कानपुर देहात आलोक सिंह, औरैया डीएम नेहा प्रकाश, कन्नौज डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल, इटावा डीएम अवनीश राय, फर्रूखाबाद डीएम डॉ. वीके सिंह, संयुक्त विकास आयुक्त एनबी सविता, सभी जिलों के सीडीओ, मुख्य वन संरक्षक केके सिंह आदि मौजूद रहे।

विद्यालयों के लिए भूमि उपलब्ध कराएं 

मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालयों के लिए औरैया, इटावा, कन्नौज, कानपुर देहात के डीएम भूमि उपलब्धता सुनिश्चित करें। हॉटकुक्ड मील योजना के तहत केंद्रों पर गर्म पका भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों की मौजूदा स्थिति प्रस्तुत की जाए। मुख्यमंत्री सामुहिक विवाह, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ, पेंशन लाभार्थियों के आवेदन का समय से निस्तारण हो। विकास कार्यों की रैकिंग में जिलों की स्थिति ठीक नहीं मिली। 

समय से कार्य पूर्ण न होने पर चेतावनी 

एनएचआई के कार्यों की समीक्षा कर निर्देश दिए कि अनावश्यक कट चिह्नित कर जल्द बंद कराए जाएं। निर्माण कार्यों में जहां मिट्टी भराव की जरूरत है, अनुमति के लिए आवेदन करें। राजस्व वसूली में सभी विभाग शतप्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का प्रयास करें। निर्माण कार्यों की समीक्षा में परियोजना प्रबंधक यूपीआरएनएसएस औरैया गैरहाजिर रहे। 

जिनसे स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सौरिख का कार्य समयावधि से एक माह बाद पूर्ण होने पर चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। फतेहगढ़ जेल में बैरक निर्माण मार्च माह में पूरा होना था, मगर परियोजना प्रबंधक ने बताया कार्य पूर्ण नहीं हो सकेगा। इस पर मंडलायुक्त ने चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें- Kanpur: अच्छी, साफ और सुंदर दिखने वाली सब्जियां कर रहीं बीमार; केमिकल के प्रयोग से बनती चमकदार...

संबंधित समाचार