Fatehpur Accident: बारातियों से भरी बस पलटी...मची चीख-पुकार, 12 बाराती घायल, छह की हालत नाजुक
फतेहपुर में बस पलटने से हुआ हादसा
फतेहपुर, अमृत विचार। कानपुर देहात जनपद से बारातियों को लेकर जा रही बस शनिवार की देर रात कलाना गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। बस पलटते ही चीख-पुकार मच गई।
हादसे में 12 बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया गया, जहां से छह बारातियों की हालत नाजुक देख उन्हें कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया।
कानपुर देहात जनपद के रूरा थाना क्षेत्र के कुडरा गांव से सुरेन्द्र यादव के पुत्र छविराम उर्फ भूरा की बारात शनिवार की रात चांदपुर थाना क्षेत्र के सठिगवां गांव निवासी सरोज यादव के यहां जा रही थी। बारात बस से जा रही थी। बस में 55 बारातियों से भरी थी।
बारातियों से भरी बस जैसे ही थाना जहानाबाद थाना क्षेत्र के अमौली मार्ग पर लहुरी सरांय और कलाना गांव के बीच पहुंची तभी अचानक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर खंती में पलट गई। हादसा होते ही बस में सवार बारातियों में चीख पुकार मच गई।
हादसे की जानकारी पर रात में ही ग्रामीण घरों से निकल आए और बस में फंसे बरातियों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। इसी दौरान हादसे की जानकारी पर एंबुलेंस भी मौके पर पहुंचीं।
हादसे में घायल बाराती कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र के ककवन गांव निवासी बांकेलाल पुत्र धनीराम, कोड़रा निवासी गोरेलाल पुत्र देशराज व रमेश पुत्र सुंदरलाल, रूरा निवासी निलेश अवस्थी पुत्र राम अवतार, सत्य प्रकाश पुत्र ज्ञान सिंह, रसूलाबाद के सिकहुला निवासी मनोज पुत्र राज बहादुर, रूरा थाना क्षेत्र के उदयवीर पुत्र सियाराम, भंवरपुर निवासी जय सिंह पुत्र बाबूलाल, कोड़रा निवासी राम सिंह पुत्र मंगली और रूरा निवासी सियाराम पुत्र गोरेलाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया गया, जहां डाक्टर ने बांकेलाल, गोरेलाल, रमेश, निलेश, सत्यप्रकाश, मनोज की हालत नाजुक देख उन्हें कानपुर के लिए रेफर कर दिया।
ये भी पढ़ें- Auraiya News: बनकर आए तांत्रिक, जेवरात उतरवाए...हाथ में थमाई पोटली, खोलते ही महिला रह गई सन्न, जानिए- पूरा मामला
