हल्द्वानी: 2051 तक 10 लाख लोगों को पेयजल देगा जमरानी बांध

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। जल्द ही जमरानी बांध अस्तित्व में आ जाएगा और 2051 तक ये बांध साढ़े 10 लाख से अधिक लोगों तक पेयजल पहुंचाने लगेगा। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने ऐसी ही कई योजनाओं की जानकारी साझा की। 

उन्होंने बताया, नैनीताल में गौला नदी पर जमरानी बांध परियोजना के अवशेष कार्यों के लिए मंत्रीमंडल ने 3678.23 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति दे दी है। पिछले साल अक्टूबर में पीएमकेएसवाई एआईबीपी योजना के तहत केंद्रीय सहायता 1557.18 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई।

शेष धनराशि एमओयू के अनुरूप उत्तर प्रदेश राज्य द्वारा 689.00 करोड़ और 1432.00 करोड़ रुपये उत्तराखंड राज्य आगामी 05 वर्षों में वहन करेगी। फरवरी 2024 में नेशनल बोर्ड ऑफ वाइल्ड लाइफ (एनबीडब्ल्यूएल) पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय भारत सरकार की स्टैंडिंग कमेटी ने एनओसी प्रदान की। अमृतपुर-जमरानी मोटर मार्ग उच्चीकरण, अन्य संरचनात्मक कार्यों के लिए 45 करोड़ की निविदा प्रकाशित की जा चुकी है।

27 फरवरी को मुख्य बांध के निर्माण कार्य के लिए 2388 करोड़ की निविदा भी आमंत्रित की गई है। परियोजना से हल्द्वानी की वर्तमान जनसंख्या लगभग 4.80 लाख व वर्ष 2051 तक 10.51 लाख की आबादी को वार्षिक 42.70 एमसीएम पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश के चार जनपदों के 57065 हैक्टेयर क्षेत्र में अतिरिक्त सिंचाई सुविधा मिलेगी।

हल्द्वानी नैनीताल रोपवे में कार्य शीघ्र शुरू होगा। हल्द्वानी में 9 करोड़ से कैंथ लैब की स्थापना होगी। काठगोदाम अमृतसर ट्रेन को अचार संहिता से आरम्भ किया जाएगा और काठगोदाम स्टेशन का 24 करोड़ से आधुनिकीकरण किया जाएगा। प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, चन्दन बिष्ट प्रदेश मीडिया सह प्रभारी उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार