काशीपुर: उत्तराखंड पुलिस ने की वाहन चालानों से 43.52 करोड़ की कमाई

काशीपुर: उत्तराखंड पुलिस ने की वाहन चालानों से 43.52 करोड़ की कमाई

काशीपुर, अमृत विचार। वर्ष 2023 में उत्तराखंड पुलिस ने 8 लाख 42 हजार वाहन चालान करके 43 करोड़ 52 लाख रूपये का जुर्माना (संयोजन शुल्क) वसूल किया।

काशीपुर निवासी सूचना अधिकार कार्यकर्ता नदीम उद्दीन एडवोकेट ने पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड के लोक सूचना अधिकारी से 2023 में पुलिस द्वारा किये गये वाहन चालानों और वसूले गये जुर्माने (संयोजन शुल्क) की सूचना मांगी थी। नदीम को उपलब्ध सूचना के अनुसार उत्तराखंड पुलिस ने 2023 में कुल 8 लाख 42 हजार वाहन चालान किये हैं जिसमें 1 लाख 14 हजार चालान सीपीयू की 4 जिलों की यूनिटों द्वारा जबकि 7 लाख 28 हजार चालान अन्य पुलिस अधिकारियों द्वारा किये गये हैं। इन चालानों पर पुलिस द्वारा कुल 43 करोड़ 52 लाख का जुर्माना (संयोजन शुल्क) वसूला गया है। इसमें सीपीयू. द्वारा 3 करोड़ 14 लाख तथा अन्य पुलिस अधिकारियों द्वारा 40 करोड़ 38 लाख का संयोजन शुल्क (जुर्माना) वसूला गया है।

सीपीयू द्वारा किये गये चालानों में सर्वाधिक 33 हजार चालान ऊधमसिंह नगर जिले की यूनिटों द्वारा किये गये है। 77 लाख का जुर्माना वसूला गया है, जबकि दूसरे स्थान पर देहरादून व हरिद्वार जिले की यूनिटों ने 32-32 हजार चालान किये। 87 लाख तथा 80 लाख का जुर्माना वसूला गया है। नैनीताल जिले की यूनिट द्वारा 17 हजार चालान किये गये तथा 70 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है।