आज से शुरू होगी गेहूं की खरीद, अंबेडकरनगर में बनाए गए 81 क्रय केंद्र, 2510 किसानों ने कराया पंजीकरण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अंबेडकरनगर, अमृत विचार। जनपद में बने 81 क्रय केंद्रों पर शुक्रवार से गेहूं खरीद का शुभारंभ किया गया। सभी क्रय केंद्रों पर कांटा, बाट और बोरा सहित अन्य जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। जिससे किसानों को क्रय केन्द्रों पर किसी भी समस्या का सामना न करना पड़े। इस बार गेहूं क्रय के लिए 2510 किसानों ने पंजीकरण कराया है।

1619 किसानों का सत्यापन भी हो चुका है।धान खरीद का काम समाप्त होने के बाद अब एक मार्च से गेहूं की खरीद की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। बता दें कि जिले में चार लाख दो हजार किसानों ने एक लाख 22 हजार हेक्टेअर क्षेत्रफल में गेहूं की बोआई की है।

किसानों के गेहूं की बेहतर ढंग से खरीद के लिए जिले में छह एजेंसी के 81 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इसमें पीसीएफ के 38, खाद्य विभाग के 25, नैफेड के चार, पीसीयू के तीन, यूपीएसएस के छह व भारतीय खाद्य निगम के पांच केंद्र शामिल हैं। खाद्य एवं विपणन अधिकारी कार्यालय के अनुसार एक मार्च से गेहूं की खरीद के लिए सभी क्रय केंद्रों पर कांटा, बाट के अलावा अन्य जरूरी इंतजाम पूरे कर दिए गए हैं।

किसानों को करें प्रेरित 

सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वह अपने-अपने क्षेत्र में किसानों से मुलाकात कर आगामी दिनों में क्रय केंद्र पर गेहूं की बिक्री करने के लिए प्रेरित करें। कार्यालय के अनुसार गेहूं बिक्री के लिए पंजीयन का काम तेजी से चल रहा है। अब तक 2510 किसान पंजीकरण करा चुके हैं। 1619 किसानों का सत्यापन भी हो चुका है। शेष किसानों के सत्यापन का काम तेजी से किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:-लखनऊ: डीएसपी लक्ष्मी सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज, जानें पूरा मामला

संबंधित समाचार