बरेली: अमृत काल की मुनादी में दबी साउथ रेलवे कॉलोनी के पार्क की आवाज, उग आई हैं झाड़ियां

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदहाल पार्क में टहलना तो दूर दो कदम भी चलना मुश्किल

बरेली, अमृत विचार। एक ओर जहां अमृत भारत योजना के तहत स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है तो दूसरी ओर रेलवे कॉलोनियां और पार्क बदहाल हैं। जंक्शन स्थित साउथ रेलवे कॉलोनी का पार्क भी अनदेखी का शिकार है। स्थिति यह है कि पार्क में टहलना तो दूर दो कदम चलन भी मुश्किल है।

सुभाषनगर छोर पर स्थित साउथ रेलवे कालोनी में रहने वाले लोगों की सुविधा के लिए इंजीनियरिंग विभाग ने पार्क विकसित किया था। वर्तमान में पार्क के अंदर बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं। पार्क में अराजक तत्वों का जमावड़ा रहता है। कॉलोनी के लोग भी पार्क में जाना नहीं चाहते हैं। पार्क की देखरेख का जिम्मा इंजीनियरिंग विभाग के पास है। इस संबंध में सहायक मंडल अभियंता आयुष द्विवेदी ने कहा कि जल्द ही पार्क को ठीक कराया जाएगा।

सभी पूल के अधिकारियों के आवास हैं यहां
ऐसा नहीं है कि केवल किसी एक पूल के तहत आने वाले कर्मचारी यहां रहते हों। स्टेशन अधीक्षक, इंजीनियरिंग, लोको आदि पूल के आवास यहां मौजूद हैं। पार्क की स्थिति पर रेल कर्मचारियों के परिवारों से बातचीत की कोशिश की गई तो वह बोलने से बचते नजर आए। नार्दन रेलवे मेंस यूनियन के शाखा सचिव राजेश दुबे ने कहा कि इस संबंध में इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों से बात की जाएगी।

एक साल पहले पार्क में हुआ था काम
पार्क की हालत देखकर नहीं लगता है कि एक साल पहले इसका पुनर्विकास हुआ हो। इंजीनियरिंग विभाग की तरफ से लाखों रुपये खर्च कर पार्क की हालत को सुधारा गया था। यहां रैंप, बैठने के लिए सीमेंटेड बेंच, रंग रोगन, द्वार पर कई कार्य किए गए थे, लेकिन एक साल के अंदर ही रखरखाव के अभाव में में पार्क बदहाल हो गया।

ये भी पढ़ें- बरेली: टीले की खोदाई में निकले 3100 साल पुराने 'मानव कंकाल', दो कमरों का मकान भी मिला

संबंधित समाचार