कड़ी से कड़ी मिला कर बालियान तक पहुंची एसटीएफ, पूर्व सैनिक के सहयोग से किया था पेपर लीक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा पिछले दिनों आयोजित की गई कॉस्टेबल भर्ती परीक्षा व केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल कॉस्टेबल की ऑनलाइन परीक्षा में धांधली कराने वाले गिरोह के एक सदस्य को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। एसटीएफ की टीम ने प्रवीण उर्फ मिन्टू बालियान को  मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया है। बालियान के पास से केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल आरक्षी परीक्षा के 9 एडमिट कार्ड, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड व पुलिस भर्ती से सबंधित प्रश्नपत्र बरामद हुआ है। 
         पिछले दिनों हुई यूपी कास्टेबल भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने के बाद सरकार ने परीक्षा निरस्त कर दी थी। परीक्षा निरस्त करने के साथ ही एसटीएफ को कार्रवाई के लिए निर्देशित दिए गए थे। जिसके बाद से एसटीएफ पेपर लीक मामले में लगातार कार्रवाई कर रही है। जांच के दौरान एसटीएफ को पता चला था कि यूपी कॉस्टेबल भर्ती परीक्षा व केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल आरक्षी की ऑनलाइन परीक्षा में धांधली कराने वाले गिरोह का एक सदस्य शाहपुर में मौजूद है। जिसके बाद एसटीएफ की टीम ने लोकल पुलिस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया है।  
आरोपी ने खोले राज 
गिरफ्तार प्रवीन उर्फ मिन्टू बालियान ने पूछताछ पर बताया कि वह पहले शाहपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था। शाहपुर में वह जहां पर रहकर तैयारी करता था वहीं पर अन्नु मलिक आता था जो गाजियाबाद का रहने वाला है। अन्नु मलिक पैसा लेकर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली करने का गैंग चलाता था। अन्नु से दोस्ती होने के बाद बालियान ने भी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली करने का काम शुरू कर दिया। 
गैंग बना कर करते थे धांधली का काम 
आरोपी प्रवीण उर्फ मिन्टु बालियान अपने सहयोगियों के साथ मिलकर धांधली का काम करता था। बालियान का एक सहयोगी विपिन भी है जो बागपत का रहने वाला है। यह बालियान का रिश्तेदार है और सेना से रिटायर होने के बाद उसके साथ मिल के धाधली करता है। आरोपी प्रवीन उर्फ मिन्टू बालियान एवं विपिन अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गैंग बनाकर प्रतियोगी परीक्षाओं में पैसा लेकर धांधली करता था।
ऐसे हुई गिरफ्तार 
दिनांक 17 फरवरी 2024 को थाना ट्रोनिका सिटी गाजियाबाद के परीक्षा केन्द्र से आरोपी गुरूवचन एवं राजकुमार को गिरफ्तार किया गया था। जिनके फोन से यूपी पुलिस आरक्षी की परीक्षा का दिनांक 18-02-2024 की द्वितीय पाली का प्रश्नपत्र बरामद हुआ था। जांच के बाद पता चला कि यह प्रश्नपत्र कपिल तोमर द्वारा गुरूवचन को उपलब्ध कराया गया था। कपिल तोमर की गिरफ्तारी के बाद यह बात सामने आई कि कपिल तोमर को प्रश्न प्रवीण उर्फ मिन्टू बालियान व विपिन ने दिया था। 
परीक्षा के बाद लेना था पैसा 
पेपर लीक कराने के बाद आरोपियों को अभ्यर्थियों से पांच-पांच लाख रुपेय लेने थे। परीक्षा निरस्त हो जाने के कारण पैसा नहीं मिला। कर्मचारी चयन आयोग, दिल्ली द्वारा केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल में आरक्षी जीडी की ऑनलाइन परीक्षा देशभर में विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर संचालित की जा रही है। इस परीक्षा में भी प्रवीन उर्फ मिन्टु बालियान एवं विपिन धांधली कराने में शामिल है। 

 

संबंधित समाचार