बरेली: दो लाख रुपये न देने पर पति ने दिया तीन तलाक, आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
बरेली, अमृत विचार। दहेज में दो लाख रुपये न मिलने पर पति और ससुरालियों ने महिला का उत्पीड़न किया। विरोध करने पर पति ने तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। मामले में एसएसपी के आदेश पर भोजीपुरा पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
भोजीपुरा के गांव लाड़पुर निवासी नसीम बी ने बताया कि उनका निकाह 2020 में गांव के ही आरिफ के साथ हुआ था। शादी में मिले दहेज से ससुराली संतुष्ट नहीं थे। आरोप है कि पति आरिफ, ससुर, मोहम्मद उमर, सास हमसीरन, जेठ राशिद, जेठानी शायरा बानो, ननद निशा, मोहम्मद रफी, हसीना ने उनका उत्पीड़न शुरू कर दिया।
पति और ससुरालियों ने मायके से दो लाख रुपये लाने को कहा। मना करने पर आठ माह पूर्व घर से निकाल दिया और जेवर छीन लिया। आरिफ ने एक दिन बताया कि उसने दूसरा निकाह कर लिया है। निकाह की बात बताने के बाद फोन पर ही तीन बार तलाक बोल दिया। इसकी शिकायत पीड़िता ने एसएसपी से की।
ये भी पढ़ें- बरेली: टीले की खोदाई में निकले 3100 साल पुराने 'मानव कंकाल', दो कमरों का मकान भी मिला
