Bareilly News: फाइनल नहीं हुई ड्राइंग, अटका जंक्शन का पुनर्विकास
बरेली, अमृत विचार। लंबे समय से जंक्शन के विस्तार का खाका प्रस्तावित है। करोड़ों रुपये के काम होने हैं, मगर अभी तक ड्राइंग को स्वीकृति नहीं मिल पाई है। इस वजह से काम अटक गए हैं।
जंक्शन के पुनर्विकास का जिम्मा रेलवे की गतिशक्ति यूनिट को दिया गया है। विस्तार का खाका तैयार कर ड्राइंग स्वीकृति को मुख्यालय भेजी जा चुकी है। ड्राइंग में कई तब्दीलियां की गई हैं। पूरी तरह ड्राइंग फाइनल नहीं होने के कारण टेंडरिंग की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है। बीते दिनों इंजीनियरिंग विभाग ने जंक्शन पर चिह्निकरण का कार्य कई स्थानों पर किया था।
नार्दन रेलवे के चीफ प्रोजेक्ट डायरेक्टर, स्टेशन डेवलपमेंट अंजनि कुमार भी जंक्शन का निरीक्षण कर ड्राइंग देख चुके हैं, पर अभी ड्राइंग पर अंतिम मुहर लगना बाकी है। गति शक्ति यूनिट की डिप्टी चीफ इंजीनियर सपना मीणा ने बताया कि जंक्शन पर प्रस्तावित विकास कार्यों की ड्राइंग को स्वीकृति मिलना बाकी है। मुख्यालय से स्वीकृति मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
कार्यालयों की शिफ्टिंग के विकल्प पर मंथन
जंक्शन पर दो नए प्लेटफार्म विकसित करने के साथ नई तीसरी लाइन डालने का प्रस्ताव है। ऐसे में मौजूदा भवन तोड़कर पीछे सर्क्युलेटिंग एरिया की तरफ ले जाने की योजना है। जाहिर है कि जंक्शन के प्लेटफार्म एक पर बने कार्यालयों को शिफ्ट करना टेढ़ी खीर होगा। लिहाजा इन कार्यालयों को शिफ्ट करने पर मंथन किया जा रहा है। इसके लिए दूसरे स्थान का विकल्प भी तलाशा जा रहा है।
ये भी पढे़ं- Bareilly News: इस महीने 10 दिन बंद रहेंगे बैंक, निपटा लें सारे जरूरी काम
