सांसदों के टिकट फाइनल होने पर जिलाध्यक्ष ने दी बधाई, घर-घर जाकर सुझाव मांगेंगे बीजेपी कार्यकर्ता
हरदोई, अमृत विचार। आगामी लोकसभा चुनाव का संकल्प पत्र बनाने से पहले भाजपा ने जनता से सुझाव मांगे हैं। सुझाव अभियान की शुरुआत शनिवार को भाजपा कार्यालय पर की गई। 15 मार्च तक चलने वाले इस कार्यक्रम के बारे में पार्टी कार्यालय पर आयोजित बैठक में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। पार्टी कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में सांसद जयप्रकाश रावत ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत बनाने के क्रम में जनता से सुझाव मांगे गए हैं। सरकार ने तमाम योजनाएं जनहित में जारी की हैं। योजनाओं में क्या सुधार हो सकता है। इन सबके लिए सुझाव अभियान चलाया गया है।
मिश्रिख सांसद अशोक रावत ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाएं सभी को ध्यान में रखकर चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं में और क्या बेहतर किया जा सकता है। इसके लिए सुझाव अभियान चलाया गया। जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा कि विकसित भारत मोदी की गारंटी संकल्प पत्र सुझाव अभियान का शुभारंभ शनिवार से किया गया है। इस अभियान के तहत हर जगह भाजपा कार्यकर्ता लोगों से सुझाव पत्र लेंगे। इन्हीं सुझावों के आधार पर पार्टी अपना संकल्प पत्र तैयार करेगी। यह अभियान 15 मार्च तक चलाया जाएगा। प्रेसवार्ता में जिला उपाध्यक्ष प्रीतेश दीक्षित, महामंत्री अनुराग मिश्रा, अशोक सिंह, गांगेश पाठक आदि मौजूद रहे।

हरदोई से जयप्रकाश तथा मिश्रिख सीट से अशोक बने प्रत्याशी
भारतीय जनता पार्टी ने देर शाम कई प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। जिसमें हरदोई लोकसभा क्षेत्र से सांसद जयप्रकाश तथा मिश्रिख से सांसद अशोक रावत को पुन: मैदान में उतारा है। पार्टी कार्यालय पर चल रही प्रेसवार्ता के दौरान ही दोनों लोकसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों की घोषणा होते ही समर्थक खुशी से झूम उठे। जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने प्रत्याशियों को बधाई देने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं का मुंह मीठा कराया।
