बरेली: खत्म हुआ जमीन का झंझट...डोहरा में ही बनेगा स्वास्थ्य उपकेंद्र
जमीन की समस्या दूर होने से उपकेंद्र के निर्माण काे तैयार हुई कार्यदायी संस्था
बरेली, अमृत विचार। बिथरी चैनपुर के डोहरा में स्वास्थ्य उपकेंद्र जल्द बनेगा। जमीन का झंझट खत्म होने और ऊबड़-खाबड़ जमीन को मिट्टी डालकर समतल करने के बाद कार्यदायी संस्था निर्माण के लिए तैयार हो गई है। जल्द ही जमीन को राजस्व से स्वास्थ्य विभाग के नाम परिवर्तित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस उपकेंद्र के बनने से करीब 10 हजार आबादी को इसका लाभ मिलेगा।
दरअसल, पांच हजार की आबादी वाले क्षेत्र में भारत सरकार की राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन योजना के तहत स्वास्थ्य उपकेंद्र बनाने का प्रावधान है। बिथरी चैनपुर के डोहरा और इसके आसपास करीब आठ से दस हजार आबादी ऐसी है, जिसे इलाज के लिए काफी दूर सीएचसी जाना पड़ता है।
इसकी वजह से स्वास्थ्य विभाग ने डोहरा में ही स्वास्थ्य उपकेंद्र बनाने का निर्णय लिया था, लेकिन जिस सरकारी जमीन पर उपकेंद्र बनना प्रस्तावित हुआ था, वहां पर दो से तीन मीटर गहरे गड्ढे होने की वजह से कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण एजेंसी ने हाथ खड़े कर दिए थे। काफी समय से निर्माण कार्य लटका हुआ था।
इसको लेकर पिछले दिनों सीएमओ डाॅ. विश्राम सिंह ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर डोहरा में उपकेंद्र बनाने में आ रही जमीन की समस्या से अवगत कराते हुए बताया था कि सदर तहसील में गाटा संख्या 406 की जमीन खाली पड़ी है, मगर निर्माण एजेंसी कार्य करने को तैयार नहीं है। जिलाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद डोहरा में ही मिट्टी से गहरे गड्ढों की पटाई कर दी गई है। इसके बाद निर्माण एजेंसी उपकेंद्र का निर्माण करने के लिए अब तैयार हो गई है।
जमीन की समस्या दूर होने से डोहरा में ही स्वास्थ्य उपकेंद्र बनना फाइनल हो गया है। शासन से बजट की स्वीकृति हो गई है। राजस्व विभाग से स्वास्थ्य विभाग के नाम भू परिवर्तित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। निर्माण के लिए छह माह का समय है-डॉ. विश्राम सिंह, सीएमओ।
