Pilibhit: फंदे से लटका मिला युवक का शव, पत्नी बोली- परिवार ने कर दी हत्या...तफ्तीश में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत/बरखेड़ा, अमृत विचार। संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत हो गई। उसका शव अपने ही कमरे में फंदे से लटका मिला। कुछ दिनों से मायके में रह रही पत्नी को पति की मौत की जानकारी हुई तो वह भी मौके पर पहुंच गई।

पति की हत्या की आशंका जताते हुए सास-ससुर समेत अन्य ससुरालियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस शव पोस्टमार्टम को भेज पड़ताल में जुट गई है। हालांकि हत्या के पीछे कोई ठोस वजह नहीं बताई जा सकी है। 
               
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम नवादा महेश के निवासी गंगाप्रकाश (27) पुत्र राजेंद्र वर्मा मजदूरी करते थे। मकान में दो कमरे बने हुए हैं। एक में वह रहते थे जबकि दूसरे में मां हीराकली और पिता रह रहे थे। पत्नी पुष्पा देवी अपने मायके न्यूरिया क्षेत्र के गांव धनकुना में थी। पिता के अनुसार गंगा प्रकाश शराब का नशा करने के बाद परिजन से मारपीट किया करता था। 

सोमवार रात को वह नशे की हालत में आया और झगड़ने लगा। खाना भी नहीं खाया। अपने कमरे में जाकर दरवाजा भीतर से बंद कर लिया। चूंकि अक्सर ऐसी हरकत होती रहती थी तो उन्होंने इस पर अधिक गौर नहीं किया। दंपती भी बरामदे में सो गए। मंगलवार सुबह सात बजे तक जब गंगाप्रकाश कमरे से बाहर नहीं निकला और आवाज लगाने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो परिजन को अनहोनी का शक हुआ। इस पर आसपास के लोगों को जमा किया। जिसके बाद दरवाजा तोड़कर भीतर घुसे। 

कमरे में साड़ी के बने फंदे से बेटे गंगाप्रकाश का शव कुंडे के सहारे लटका मिला। यह देख माता-पिता के होश उड़ गए। चीख पुकार सुनकर मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसकी जानकारी मायके में रह रही मृतक की पत्नी को दी गई। कुछ ही देर में पत्नी भी अपने मायके वालों के साथ आ गई। उसने पति की हत्या कर शव लटकाने का सास, ससुर, देवर और दोनों नंदोई पर लगाया। 

घटना की सूचना मिलने पर एसएसआई बरखेड़ा सिद्धांत शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। फील्ड यूनिट टीम को भी मौके पर  बुलाया गया। फील्ड यूनिट के एक्सपर्ट भी सुरागरसी में जुटे रहे। पत्नी ने ये भी आरोप लगाया कि पति उसके साथ मायके में ही था। मगर उसके नंदोई जबरन घर ले आए थे। इसके बाद से प्रताड़ित किया जा रहा था। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।

ये भी पढे़ं- पीलीभीत: डकैती कांड के बाद पूरनपुर में तीसरी मुठभेड़, एक बदमाश के पैर में लगी गोली

 

संबंधित समाचार