हल्द्वानी: स्मैक डिलीवरी में पकड़ा पैडलर, सप्लायर फरार
हल्द्वानी, अमृत विचार। स्मैक की डिलीवरी लेने आया पैडलर पुलिस के हत्थे चढ़ा गया, लेकिन सप्लायर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के पास से 15 ग्राम स्मैक बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक एसआई दिवान सिंह ग्वाल, हेड कांस्टेबल उमेश जोशी, एनटीएफ टीम के कां. नवीन कुमार और अरविंद कार्की के साथ चौफला पहुंचे। यहां रिंग रोड कालोनी बिठौरिया नंबर एक में स्कूटी सवार दो लड़के को देखकर भागने लगे। एक को पुलिस ने मय स्कूटी रोक लिया और दूसरा फरार हो गया।
पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम सुशील त्यागी उर्फ बबलू पुत्र स्व. रामदत्त त्यागी निवासी दमुआढूंगा तोक पनियाली हरिपुर नायक काठगोदाम बताया। इसके पास से 15 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
साथ ही बताया कि जो लड़का भागा है उसका नाम संजय आर्या उर्फ संजू निवासी लालडांठ रोड का रहने वाला है और वह स्मैक देने आया था। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर फरार सप्लायर की तलाश शुरू कर दी है।
