अल्मोड़ा: भाजपा विधायक जीना की अभद्रता से भड़के कांग्रेसी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। नगर निगम कार्यालय में सल्ट विधायक महेश जीना ने निगम आयुक्त से की अभद्रता के मामले में कांग्रेस आक्रामक हो गई है। बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा विधायक पर सत्ता के मद में चूर होकर मनमानी करने और अधिकारियों के साथ बदसलूकी करने का आरोप लगाया। साथ ही उनकी सद्बुद्धि के लिए मरचूला स्थित शिव मंदिर में हवन यज्ञ किया।

बता दें कि विधायक महेश जीना ने बीते मंगलवार की शाम अपने चहेते को टेंडर न दिए जाने के विरोध में निगम कार्यालय में नगर आयुक्त के साथ अभद्रता की थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इस मामले में कांग्रेस कार्यकर्ता आक्रामक हो गए हैं। युवा कांग्रेस नेता व पूर्व जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत ने कहा कि एक ओर प्रदेश के मुख्यमंत्री जीरो टॉलरेंस से काम करने के दावे करते हैं।

वहीं दूसरी ओर उनके विधायक अधिकारियों को डरा धमका कर अपने चहेतों को सरकारी काम दिलाने और कमीशनबाजी करने में लगे हैं। रावत ने कहा कि टेंडर की प्रक्रिया पारदर्शी होती है। ऐसे में आयुक्त पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाना पूरी तरह निराधार हैं। 

रावत ने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक राजधानी में ही नहीं बल्कि जिलों में भी अधिकारियों को डरा धमका कर मनमर्जी से अपने चहेतों को काम दिलाकर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं। सैनिक प्रकोष्ट के प्रदेश महासचिव घनानंद शर्मा ने कहा कि भाजपा विधायक के इस कारनामे को छिपाने के लिए सरकार इस मामले की जांच करने की बात कर रही है,

लेकिन अगर सरकार वास्तव में जीरो टॉलरेंस पर कार्य कर रही है तो दोनों में से जो भी दोषी है उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जानी चाहिए। हवन यज्ञ के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र रावत, हरीश सिंह, अमित, बख्तावर सिंह समेत अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

संबंधित समाचार