Bareilly News: कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान सपा नेताओं में मारपीट, सिर पर मारी खाने की प्लेट...जमकर हुई गाली-गलौज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली/आंवला, अमृत विचार: लोकसभा चुनाव से पहले आंवला में सपा के कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप और विधानसभा क्षेत्र के महासचिव भूपेंद्र सिंह के बीच आपसी गर्मागर्मी के बाद यह नौबत आई कि नेताओं के बीच खाने की प्लेटें फेंक दी गईं। भूपेंद्र का कहना है कि जिलाध्यक्ष ने उन पर हाथ उठाया तो उन्होंने भी उन्हें थप्पड़ मार दिया। हालांकि जिलाध्यक्ष समेत पार्टी के कई और नेता भी मारपीट होने की बात से इनकार कर रहे हैं।

आंवला के एक बरातघर में बुधवार को कार्यकर्ता सम्मेलन चल रहा था। कई कार्यकर्ताओं ने इस दौरान अपनी बात रखी। कुछ का अंदाज तीखा भी था। आंवला नगर पालिका अध्यक्ष सय्यद आबिद अली के वायरल हुए उस वीडियो पर भी चर्चा हुई जिसमें वह भाजपा प्रत्याशी की तारीफ करते दिखे थे। कहा जा रहा है कि इसी बीच विधानसभा क्षेत्र के महासचिव भूपेंद्र सिंह जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप के बारे में कोई टिप्पणी की। इस पर जिलाध्यक्ष ने नाराजगी जताते हुए उन्हें टोक दिया। इससे माहौल गर्म हो गया।

सम्मेलन के बाद पार्टी के नेता बारात घर के एक छोटे कमरे में खाना खाने के लिए बैठे। भूपेंद्र सिंह के मुताबिक कार्यक्रम का समय 12 बजे का था, लेकिन जिलाध्यक्ष करीब पौने तीन बजे पहुंचे थे। उन्हें गाली भी दे रहे थे। उन्हें बुरा लगा तो वह पार्टी प्रत्याशी नीरज मौर्य और पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव के सामने ही जिलाध्यक्ष को समझाने की कोशिश करने लगे। इसी बीच विवाद बढ़ गया। जिलाध्यक्ष ने उन पर हाथ उठाया तो उन्होंने भी थप्पड़ से इसका जवाब दिया। जिलाध्यक्ष ने खाने की प्लेट उनके सिर पर मार दी।

खाने से भरी प्लेट फेंकने से कई नेताओं के कपड़े तक खराब हो गए। कहा जा रहा है कि दोनों नेताओं की इस भिड़ंत के दौरान कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीबीआर के प्लग तक टूट गए। दोनों नेताओं को अलग-अलग करने के लिए एक को कमरे में अटैच शौचालय में बंद किया गया, जिलाध्यक्ष को चेयरमैन के घर भेज दिया गया।

इसी दौरान जिलाध्यक्ष के समर्थक डंडे ले आए और भूपेंद्र को कमरे से बाहर निकालने के लिए कहने लगे। फिर दोनों ओर से गालीगलौज हुई। कार्यक्रम में सपा प्रत्याशी नीरज मौर्य, पूर्व राज्यसभा सदस्य वीरपाल सिंह, पूर्व विधायक आरके शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष अगम मौर्य, पूर्व जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप समेत तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।

मारपीट की बात पूरी तरह गलत है। ऐसा कुछ नहीं हुआ है। भूपेंद्र सिंह काफी समय से भाजपा प्रत्याशी के संपर्क में है। कई बार स्पष्टीकरण मांगने पर भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया तो बुधवार को उन्हें पदमुक्त कर पार्टी से निकाल दिया है। सम्मेलन में बड़े नेता भी मौजूद थे। कोई विवाद नहीं हुआ--- शिवचरन कश्यप, जिलाध्यक्ष सपा

मीटिंग बढ़िया हुई थी। कुछ तीखे सवाल-जवाब हुए थे तो गर्मागर्मी हो गई थी। बीच बचाव कर मामला शांत करा दिया गया था। मारपीट जैसा कुछ नहीं हुआ--- सय्यद आबिद, चेयरमैन आंवला।

मेरे सामने कुछ नहीं हुआ। मैं कार्यक्रम के बाद चला गया था। वैसे भी प्रत्याशी तो कमजोर होता है। संगठन के व्यक्ति को अपनी बात बतानी चाहिए। विधानसभा महासचिव से रात में बात की तो उन्होंने कहा कि सुबह मिलकर अपनी बात कहेंगे--- नीरज मौर्य, आंवला से सपा प्रत्याशी।

यह भी पढ़ें- बरेली: फार्म तो पहले ही जमा हो गया था, विषय संशोधन में पकड़ा गया खेल

संबंधित समाचार