मुरादाबाद : एसएसपी ने प्रशिक्षु डिप्टी एसपी से साझा किए अनुभव, समझाई पुलिसिंग
मुरादाबाद, अमृत विचार । उप्र डॉ. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे 11 डिप्टी एसपी शनिवार को सिविल लाइंस थाने पहुंचकर पुलिसिंग समझी। उन्होंने थाने में होने वाली कार्रवाई देखी। इन्हें विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी देने को एसएसपी हेमराज मीना भी थाने पहुंचे थे। उन्होंने काफी देकर तक उनके साथ बैठकर अपराध की विभिन्न श्रेणियों और सुरक्षा के बिंदुओं पर अपने अनुभव साझा किए।
उन्होंने प्रशिक्षुओं को बताया कि अब क्राइम स्मार्ट होने लगा है। साइबर से जुड़ी घटनाओं की संख्या दिनों दिन बढ़ रही है। इस पर काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण की अवधि में बताए जा रहे है सभी बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित कर उन्हें समझें ताकि वह उनके सेवाकाल में काम आए और वह बेहतर कानून व्यवस्था स्थापित करने में सक्षम हो सकें। इस दौरान प्रशिक्षुओं का नेतृत्व कर रहे सीओ हरेंद्र यादव ने बताया कि अकादमी में 84 डिप्टी एसपी 22 बेंच के प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं । उनमें से 11 डिप्टी एसपी शनिवार को सिविल लाइंस थाने पहुंचे थे, जहां एसएसपी ने उनके साथ कानून और सुरक्षा संबंधी तमाम बिंदुओं पर अनुभव साझा किए हैं। भूमि विवाद व अन्य मामलों से संबंधित रजिस्टर दिखाए। अभिलेखों का रख-रखाव समझाया।
अपराध और अपराधियों से किस तरह निपटा जाए, इस बारे में भी प्रशिक्षुओं को जानकारी दी। समाज में सुरक्षा की भावना उत्पन्न करने के लिए लोगों के सहयोग के बारे में भी बताया। यह भी बताया कि सामाजिक कार्यकर्ताओं से भी जुड़कर उनका बेहतर कानून की स्थापना में सहयोग लें। त्योहार व अन्य पर्व पर किस तरह शांति व्यवस्था कायम रखनी चाहिए। इस दौरान प्रशिक्षु डिप्टी एसपी कृष्णकांत त्रिपाठी, पुनीत मिश्र, विजय प्रताप सिंह, शशांक त्रिपाठी, धनंजय, कृशका सिंह, राहुल यादव, कुंजलता, इशिका सिंह व जितेंद्र सिंह आदि लोग मौजूद थे।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : 65 लोग हुए फूड पॉइजनिंग का शिकार, एक ही परिवार के 26 लोग शामिल...कई की हालत नाजुक
