Kanpur: पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा बोले- 'हिटलर की मानसिकता सपाई थी...यूपी था उल्टा प्रदेश, योगी सरकार में हुआ उत्तम प्रदेश'
कानपुर, अमृत विचार। पूरे देश में मोदी लहर का व्यापक प्रभाव है। सपा और कांग्रेस का परिवारवादी गठबंधन भाजपा के राष्ट्रवाद का मुकाबला नहीं कर सकता है। जनता ने यूपी की 80 सीटों पर विपक्षी दलों के लिए नो वैकेंसी का बोर्ड लगा दिया है। यह बात रविवार को जीएसवीएम कॉलेज सभागार में भाजपा की ओर से आयोजिक कानपुर लोकसभा क्षेत्र के प्रबुद्ध समागम में मुख्य अतिथि पूर्व उप-मुख्यमंत्री एवं सांसद दिनेश शर्मा ने कही, उन्होंने कहा कि हम यूपी की सभी सीटें जीतने जा रहे हैं।
शहर के उद्योगपति, व्यापारी, चिकित्सक, प्रोफेसर , शिक्षक, अधिवक्ता ,प्रमुख खिलाड़ी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रमुख, सामाजिक संस्थाओं की मौजूदगी में डॉ. दिनेश शर्मा ने कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रचलित कर की। कार्यक्रम में शहर की गायिका गुप्तांश के भाजपा के लिए बनाए गए नए रिलीज होने वाले गाने सरकार आप लाए हैं रामलला सरकार, आपका हृदय से आभार मोदी जी कोटि-कोटि आभार का ऑडियो सुनाया गया।
सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि विपक्षी पार्टियां कहती है कि भाजपा डिक्टेटरशिप वाली पार्टी है। वे लोग शायद भूल गए कि सपा सरकार में वे कहते थे कि अयोध्या में परिंदा भी पर नहीं मार सकता है। क्या अयोध्या में राम भक्त कार्य सेवकों पर गोली चलाना, भगवान श्रीराम का नाम लेने वाले राम भक्तों को जेल में डाल देना, सन 1975 में इमरजेंसी के समय मीडिया द्वारा एक लाइन लिख देने पर जेल भेजना क्या यह डिक्टेटर नहीं था।
जबरदस्ती रास्ते चलते लोगों को पकड़ पकड़ कर नसबंदी कराना डिक्टेटर नहीं था। आज देश को एकता और अखंडता को मजबूत करने का प्रयत्न हो रहा है। विपक्षी पार्टियों को भली भांति पता है कि इस बार का लोकसभा चुनाव कोई भी पॉलीटिकल पार्टी नहीं लड़ रही है, बल्कि देश की जनता स्वयं लोकसभा चुनाव लड़ रही है। विपक्षी पार्टियों को चुनाव का परिणाम भी पहले से ही पता है। आज देश में एक पक्षी चुनाव हो रहा है। जनता ने चुनाव की बागडोर अपने हाथ में संभाल ली है। भारतीय जनता पार्टी देश में 400 से अधिक सीटें जीत कर तीसरी बार सरकार बनाएगी।
हिटलर की मानसिकता सपाई थी
विपक्षी पार्टियां पहले उत्तर प्रदेश को उल्टा प्रदेश कहते थे, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार बनने के बाद आज लोग उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश कह रहे हैं। प्रदेश में साढ़े पांच लाख सरकारी नौकरी दी गई। साढ़े तीन करोड़ लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार दिया गया। आज प्रदेश में लंबे चौड़े हाईवे, वन डिस्टिक वन मेडिकल कॉलेज,20 हवाई अड्डे,20 विश्वविद्यालय खुल रहे हैं । उन्होंने कहा कि हिटलर की मानसिकता सपाई मानसिकता थी।
माला पहना व गदा भेंट कर स्वागत
जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, दीपू पांडे, अनिल मिश्रा, राहुल मिश्रा ने डॉ. दिनेश शर्मा का माला पहनाकर व गदा भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक नेता शैलेंद्र द्विवेदी ने किया। प्रमुख रूप से नीलिमा कटियार, राम शरण कटियार, मणिकांत जैन, पदमेश दुबे,भूपेश अवस्थी, मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी, राम कुमार शुक्ला, अरविंद दीक्षित, हरप्रीत सिंह काके ,डॉ दिलीप सर देसाई, अवधेश कटियार रहे।
