अयोध्या: राम दरबार के लिए नवंबर तक तैयार हो जाएगा गर्भगृह, बैठक में लिया गया फैसला
अयोध्या, अमृत विचार। राम मंदिर की भव्यता को बढ़ाने का कार्य जोर-शोर से चल रहा है। भूतल में रामलला को प्रतिष्ठित करने के बाद अब प्रथम तल पर राम दरबार के लिए गर्भगृह नवंबर तक बनाने का निर्णय लिया गया है।
मंदिर निर्माण समिति की तीन दिवसीय बैठक के अंतिम दिन रविवार को निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि राम मंदिर निर्माण चल रहा है। बैठक में निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। निर्माण कार्य करने की जो समय सारिणी बनाई गई है। उसके अनुसार ही परिणाम आएंगे। मंदिर का प्रथम व द्वितीय तल का निर्माण पूरा करने का कार्य चल रहा है। विशेष रूप से प्रथम तल, जहां राजाराम का दरबार होगा। वह नवंबर तक पूर्ण हो जाएगा। कार्यदायी संस्था एलएंडटी के प्रोजेक्ट मैनेजर विनोद मेहता ने बताया कि अधूरे निर्माण का कार्य चल रहा है। अंतिम दिन बैठक में निर्माण संस्था और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
निर्माण कार्य में लगे 1400 वर्कर
राम मंदिर को पूर्ण करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मंदिर के प्रथम व द्वितीय तल और शिखर तक के निर्माण के लिए 1400 वर्करों को लगाया गया है। भूतल में लगे स्तभों में शेष तराशी के कार्यों को पूरा करने के लिए दक्षिण भारत से आये दो सौ कारीगरों को जिम्मेदारी दी गई है।
ये भी पढ़ें -अयोध्या: पंचामृत युक्त 1108 कलशों से हुआ रामलला का अभिषेक, लगाया गया 56 व्यंजनों का भोग
